गोंडा

Gonda Accident: गोंडा में सरिया लदा ट्रक पलटा दो सगे भाइयों समेत तीन मजदूरों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Gonda accident: गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र में सरिया लदा ट्रक पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। पुल निर्माण कार्य पर जा रहे दो सगे भाइयों समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई। जबकि चार अन्य मजदूर ट्रक से कूदकर बच निकले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 02, 2026
पलटा ट्रक फोटो सोर्स पत्रिका
पलटा ट्रक फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda accident: गोंडा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुल निर्माण कार्य पर जा रहे तीन मजदूरों की जान चली गई। ट्रक में लोहे की सरिया के साथ मजदूर भी सवार थे। बारिश के बीच चालक का वाहन से नियंत्रण हटने पर ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन मजदूरों की मौत हो गई। जबकि चार अन्य मजदूर समय रहते कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास लोहे की सरिया लेकर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। ट्रक में सरिया के साथ कई मजदूर भी सवार थे। जो वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी। इसी दौरान ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रक पहले सड़क की पटरी पर गया और फिर संतुलन बिगड़ने से पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक में बैठे तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

इनकी हुई मौत

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान तरबगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी 31 वर्षीय रविंद्र पासवान, 42 वर्षीय राजेंद्र पासवान और 30 वर्षीय रामगुलाम पासवान के रूप में हुई है। रविंद्र और राजेंद्र सगे भाई थे। दोनों भाइयों की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चार मजदूरों ने कूद कर बचाई जान

बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रक में मौजूद चार अन्य मजदूर समय रहते वाहन से कूद गए। जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

Updated on:
02 Jul 2026 12:13 pm
Published on:
02 Jul 2026 12:02 pm