
Gonda Vinod Sahni Murder Case:गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद मामला लगातार गरमाता जा रहा है। मंत्री डॉ. संजय निषाद शुक्रवार को गोंडा पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इसी दौरान सर्किट हाउस में पुलिस की भारी मौजूदगी देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मंत्री एसपी अभिषेक से पुलिस बल तैनात करने को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में फोर्स होनी चाहिए, धरना स्थल पर नहीं।
गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रेक्सड़िया गांव के पास बुधवार देर शाम विनोद पर हमला किया गया था। आरोप है कि बाइक से पहुंचे एक दर्जन से अधिक लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों के पास कांता, भाला और अन्य धारदार हथियार थे। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घायल विनोद को पहले परसपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां से डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है।
विनोद साहनी की मौत की जानकारी मिलने के बाद यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद गोंडा पहुंचे। उन्होंने मामले में पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और धरने पर बैठ गए। मंत्री गोंडा के एसपी अभिषेक से पुलिस बल की तैनाती को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि सर्किट हाउस को चारों तरफ से पुलिस फोर्स से घेरने की जरूरत क्या है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूछा कि इतनी बड़ी संख्या में फोर्स लगाकर आखिर क्या दिखाना चाहते हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि इस तरह की व्यवस्था से सरकार की छवि खराब होती है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब निषाद समाज के लोग धरना दे रहे हैं तो इतनी पुलिस क्यों लगाई गई है। मंत्री ने कहा कि क्या निषाद समाज के लोग अपराधी या गुंडे हैं। उन्होंने पुलिस से कहा कि यदि सुरक्षा की जरूरत है तो विनोद साहनी के परिवार और उनके गांव में फोर्स लगाई जानी चाहिए। मंत्री ने समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री के मौके पर पहुंचने को लेकर भी एसपी से सवाल किया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के लोग यहां पहुंचकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे। तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
मंत्री के सवालों के दौरान एसपी अभिषेक उनके सामने खड़े रहे और उनकी बातें सुनते नजर आए। विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर मंत्री पहले ही पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जता चुके हैं। अब सर्किट हाउस में पुलिस व्यवस्था को लेकर उनका यह बयान सामने आया है। जिसके बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।