Gonda News: मृतक ने मौत से 3 दिन पहले अपनी बेटी से एक पत्र लिखवाकर अपने भाई को व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से जान का खतरा बताया था। जिस स्कूल में महिला कर्मचारी है। उसी स्कूल में उसके पति का फंदे से लटकता शव मिलने से हड़कंप मच गया। भाई ने पत्नी और साढू सहित अन्य परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Gonda News: मेरठ- अलीगढ़ के बाद गोंडा में एक पति की हत्या का आरोप उसकी पत्नी और साढू सहित अन्य परिजनों पर लगा है। भाई ने पुलिस को दिए गए तहरीर में कहा है कि उसकी पत्नी नशे में भाई को मारती- पीटती थी। पत्नी एक स्कूल में अनुचर के पद पर कार्यरत है। जबकि पति बिल्कुल पढ़ा लिखा नहीं था। 3 दिन पहले उसने अपनी बेटी से पत्र लिखवा कर भाई को व्हाट्सएप मैसेज के जरिए अपनी जान का खतरा बताया था। उसके ठीक दूसरे दिन उसी स्कूल में फंदे से लटकता उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Gonda News: गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के चैंबर्स गर्ल्स मेमोरियल कॉलेज में पति की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। यहां अनुचर (चपरासी) के पद पर तैनात सीमा वाल्मीकि पर अपने पति की हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगा है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रंजीत कुमार वाल्मीकि के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया रंजीत और उसकी पत्नी सीमा के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 19 अप्रैल को दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई थी। जिसके बाद सीमा ने रंजीत की जमकर पिटाई की। सिर और शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई थीं। रंजीत ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं था। इसलिए उसने अपनी 10 साल की बेटी लक्ष्मी से एक खत लिखवाया। और अपने भाई को व्हाट्सएप कर दिया। उस पत्र में उसने लिखा मेरी पत्नी सीमा, जो चैंबर्स गर्ल्स मेमोरियल कॉलेज में अनुचर है। मुझे पीटती है। नशे में रहती है। सीमा और उसके घरवाले अर्जुन, निखिल, कृष्णा, मीणा, मनीष मुझे जान से मारने की धमकी देते हैं। मेरी जान को खतरा है।
मारपीट के तीन दिन बाद यानी 22 अप्रैल को रंजीत का शव कॉलेज परिसर स्थित सरकारी आवास में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक के भाई दीपक ने आरोप लगाया कि, मेरे भाई ने आत्महत्या नहीं की। पहले उसे पीटा गया। फिर मारकर शव को फंदे से लटकाया गया। ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
दीपक ने बताया कि जब रंजीत की मौत हुई तो सीमा ना तो शव देखने आई और ना ही अपने बच्चों को लेकर परिजनों के पास गई। इससे परिवार वालों को शक और गहरा हो गया। दीपक ने बताया कि सीमा और उसके बहनोई की भूमिका इस हत्या में संदिग्ध है।
रंजीत की एक 10 वर्षीय बेटी लक्ष्मी और 8 वर्षीय बेटा आदित्य है। दोनों बच्चे उसी आवास में रहते थे। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के परिजनों ने सीमा और उसके परिवारवालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। नगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।