
Lakshya Raichandani:गोंडा के उभरते क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। हाल ही में भारत और श्रीलंका के बीच आयोजित अंडर-19 क्रिकेट श्रृंखला में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनके शानदार खेल की बदौलत भारतीय टीम ने यादगार जीत दर्ज की और लक्ष्य को पूरे दौरे का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
शनिवार को श्रीलंका से लौटने के बाद लक्ष्य अपने माता-पिता के साथ गोंडा पहुंचे। शहर में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विभिन्न सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान लोगों ने उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया।
श्रृंखला के दौरान लक्ष्य ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। वनडे मुकाबलों में उन्होंने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में योगदान दिया। टेस्ट श्रृंखला में उनका प्रदर्शन और भी शानदार रहा। पहले टेस्ट में उन्होंने दोहरा शतक लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने शतकीय पारी खेलते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
गोंडा पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में लक्ष्य रायचंदानी ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। यदि युवा पूरी लगन, मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। तो उन्हें सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि खेल हो, पढ़ाई हो या कोई अन्य क्षेत्र, लगातार मेहनत और अनुशासन ही आगे बढ़ने का सबसे बड़ा मंत्र है। लक्ष्य ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और टीम प्रबंधन को दिया।
उन्होंने कहा कि माता-पिता और प्रशिक्षकों का सहयोग हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा है। उनकी इस उपलब्धि से गोंडा के युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह बढ़ा है। और कई बच्चे अब क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने का सपना देख रहे हैं। शहर में उनके स्वागत कार्यक्रम के दौरान लोगों ने उम्मीद जताई कि लक्ष्य आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट की बड़ी पहचान बनेंगे और देश के लिए इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते रहेंगे।