यूपी के देवीपाटन मंडल में महानवमी के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम के जरिए महिलाओं और बच्चों को त्वरित न्याय मिलेगा। इस कार्यक्रम के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। जिसमें सभी महिला अधिकारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में देवीपाटन मंडल में एक नई पहल की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार को शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें महिलाओं और बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो तत्काल मौके पर टीम भेज कर उसका समाधान भी कराया जाएगा। ताकि इस कार्यक्रम से जरिए महिलाओं का विश्वास बढ़ सके।
देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और उनका समाधान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मंडल मुख्यालय पर शक्ति संवाद का आयोजन होगा, जिसमें महिलाओं और बच्चों की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी।
आयुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि समस्याओं की सुनवाई महिला अधिकारियों द्वारा भी की जाएगी। इसके लिए महिला अधिकारियों को नामित किया गया है, जो पीड़ित पक्ष की बात ध्यानपूर्वक सुनेंगी और तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए कदम उठाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर उसी दिन संबंधित अधिकारी या जांच टीम को मौके पर भेजकर तथ्यात्मक जांच कराई जाएगी ताकि किसी भी समस्या के निराकरण में देरी न हो।
महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए सुलभ व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। साथ ही दूरभाष, मोबाइल कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से भी शिकायतें प्राप्त की जाएंगी। आयुक्त ने कहा कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि महिलाओं का विश्वास बढ़े और उन्हें न्याय तुरंत मिल सके।