
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका
गोंडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को मातम में डुबो दिया। नवजात बच्ची का शव लेकर घर लौट रही दादी की रास्ते में मौत हो गई। जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ऑटो सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में जा घुसा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी।
गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर जाट के पास मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में नवजात बच्ची का शव लेकर घर लौट रही 65 वर्षीय मीरा देवी की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। करनैलगंज क्षेत्र के सिकिहा गांव के रहने वाले अर्जुन तिवारी की पत्नी सविता को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके साथ परिवार की बुजुर्ग सदस्य मीरा देवी और आशा कार्यकर्ता पुष्पा सिंह भी मौजूद थीं। मंगलवार शाम सविता ने बच्ची को जन्म दिया। लेकिन हालत नाजुक होने के कारण नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग बच्ची का शव लेकर ऑटो से गांव लौट रहे थे। रास्ते में एक बुजुर्ग यात्री देवी दयाल तिवारी भी ऑटो में बैठ गए। आरोप है कि ऑटो चालक नशे में था। तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था।
बालपुर जाट के पास ऑटो सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में बैठीं मीरा देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। वहीं दूसरे यात्री देवी दयाल का हाथ भी बुरी तरह जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
डॉक्टरों ने मीरा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है। परिवार पहले से नवजात बच्ची की मौत के गम में डूबा था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद मीरा देवी की मौत की खबर ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। पुलिस ने ऑटो चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
27 May 2026 10:03 pm
Published on:
27 May 2026 09:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
