गोंडा

शादी की खुशियों के बीच मची चीख पुकार, कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर मासूम बच्ची की मौत दो बच्चे घायल

गोंडा- लखनऊ हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली। ई रिक्शा से शादी का कपड़ा खरीदने जा रहे परिवार को अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

2 min read
Apr 30, 2026
घटना के बाद जुटी भीड़ फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। जबकि दो छोटे बच्चे घायल हो गए। तेज रफ्तार ईको कार ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर देहात कोतवाली क्षेत्र के तिवारी पुरवा, बालपुर जाट के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, एक परिवार ई-रिक्शा से बाजार कपड़े खरीदने जा रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक ईको कार ने रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में बैठी 8 साल की बच्ची शिवानी उछलकर सड़क पर गिर गई। बताया जा रहा है कि उसका सिर पास की लोहे की रॉड से टकरा गया। इसी बीच, कार चालक ने भागने की कोशिश में गाड़ी आगे बढ़ा दी और बच्ची के सिर पर वाहन चढ़ गया। इस दर्दनाक घटना में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

दो मासूम गंभीर रूप से घायल, चालक गिरफ्तार

इस हादसे में परिवार के दो अन्य बच्चे भी घायल हो गए। 2 साल का अनूप और 4 साल की नैंसी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने भाग रहे कार चालक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

घर में चल रही थी शादी की तैयारी, हादसे ने छीन ली परिवार की खुशियां

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार में 5 मई को शादी का कार्यक्रम था। सभी लोग उसी की तैयारी के लिए बाजार जा रहे थे। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Published on:
30 Apr 2026 07:27 pm
Also Read
View All