गोंडा

UP News: विनोद साहनी हत्याकांड पर बोले ओपी राजभर, ‘80 फीसदी घटनाओं में सपा से जुड़े लोग शामिल’

UP News: गोंडा के विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और सपा से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए हैं, जबकि अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
2 min read
Sep 12, 2026
vinod sahani murder case om prakash rajbhar akhilesh yadav
ओपी राजभर का बड़ा बयान। फोटो सोर्स-IANS

UP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश सरकार में मंत्रीओम प्रकाश राजभर (Minister Om Prakash Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में होने वाली बड़ी संख्या में आपराधिक घटनाओं में सपा से जुड़े लोग शामिल होते हैं। वहीं, अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला था।

राजभर बोले- सरकार ने तत्काल की कार्रवाई

पत्रकारों से बातचीत में ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि विनोद साहनी मामले में सरकार ने कानूनी कार्रवाई की है और 3 लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह निषाद परिवार के साथ खड़ी है। राजभर ने कहा कि सरकार की ओर से मामले में कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कदम उठाए जा रहे हैं।

अखिलेश यादव पर राजभर का पलटवार

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि 80 प्रतिशत घटनाएं अखिलेश यादव के लोगों की ओर से की जा रही हैं। उन्होंने PDA की बैठक का जिक्र करते हुए भी सपा पर सवाल उठाए। राजभर ने कहा कि अगर सरकार कानूनी कार्रवाई नहीं करती, तब सरकार को दोषी ठहराया जा सकता है। उनके इस बयान के बाद विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं।

अखिलेश यादव ने BJP सरकार पर साधा था निशाना

इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर BJP पर हमला बोला था। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि BJP के वर्चस्ववादी लोग अपना दबदबा बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा था कि इसके लिए हत्या तक की जा सकती है या किसी व्यक्ति को घुटनों पर लाया जा सकता है। उन्होंने भाजपा शासन को अहंकार और घमंड का आपराधिक गठजोड़ भी बताया था।

संजय निषाद बोले- सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक न्याय नहीं

मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि परिवार अभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। संजय निषाद के मुताबिक, जब तक मामले में शामिल सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक इसे न्याय नहीं माना जाएगा। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर भी केस दर्ज करने की मांग की थी। इसके अलावा इलाज में हुई कथित चूक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही थी। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए न्याय, सुरक्षा और मुआवजे की मांग की।

क्या है विनोद साहनी हत्याकांड?

गोंडा के SP अभिषेक के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को पारसपुर थाना क्षेत्र में एक घटना हुई थी। विनोद साहनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि घर लौटते समय कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद उन्हें तत्काल मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें KGMU लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में FIR भी दर्ज की गई थी। इलाज के दौरान शुक्रवार को विनोद साहनी की मौत हो गई।

मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, राजनीतिक दलों की ओर से मामले को लेकर अलग-अलग बयान सामने आने के बाद यह मामला अब सियासी बहस का भी मुद्दा बन गया है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी नजर बनी हुई है।

Updated on:
12 Sept 2026 01:38 pm
Published on:
12 Sept 2026 01:38 pm
Also Read
View All
विनोद साहनी हत्याकांड: DM-SP पर भड़के मंत्री संजय निषाद, सरकार की छवि खराब कर रहे हो, सपा का मंत्री वहां कैसे पहुंच गया?

संजय निषाद क्यों भड़के गोंडा SP पर? ‘इतनी फोर्स क्यों लगा दी’ कहकर जताई नाराजगी, जानिए कौन हैं IPS अभिषेक

Vinod Sahni Murder Case Update: 3 आरोपी गिरफ्तार; मंत्री संजय निषाद गोंडा पहुंचे, विनोद साहनी हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी

विनोद साहनी हत्याकांड: मंत्री संजय निषाद के अल्टीमेटम के बाद थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी सस्पेंड, रातों-रात हुई नई तैनाती

बर्तन कारोबारी की हत्या पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- भाजपा ने झूठे एनकाउंटर का हिस्सा बनाकर पुलिस को भ्रष्ट किया, अब अपराध चरम पर