गोरखपुर जिले की गोरखनाथ थाना पुलिस ने चोरी की बड़ी घटना का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 लाख रुपये नकद, 191 ग्राम चांदी, चोरी के पैसे से खरीदी गई बाइक, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में 10 मार्च को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, चोरी की नगदी, चांदी के आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले का खुलासा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने थाने पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति के हैं, जो चोरी से पहले दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए करीब 52 हजार कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें से 26 संदिग्ध नंबर चिन्हित किए गए। इनमें से 4 नंबरों को ट्रेस कर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी अहम सुराग मिले।
गिरफ्तार आरोपियों में मुस्तकीम, सलमान अंसारी, मोहम्मद कैफ, नादिर बैग और विशाल कुमार अग्रहरी शामिल हैं। इनमें एक सोनार भी है, जो चोरी का सामान खरीदता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख नगदी, 191 ग्राम चांदी, चोरी के पैसों से खरीदी गई पल्सर बाइक, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को सब्जी मंडी गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और ये पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं। फिलहाल सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक देशराज सरोज, अंगद, रिपुसूदन शुक्ला, विवेक सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र मौर्य, कृष्ण पाल, वीरेंद्र यादव, संदीप कुशवाह, शिवम शुक्ला और हेड कांस्टेबल मिथिलेश बहादुर सिंह शामिल रहे।