
Akhilesh Yadav Road Show in Gorakhpur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचते ही चुनावी मोड में नजर आए। उनके स्वागत में एयरपोर्ट पर हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्ता जुटे।
ढोल-नगाड़ों, नारों और फूलों की बारिश के बीच अखिलेश यादव PDA रथ पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो पर निकले। इस दौरान ‘टीपू इज बैक 2027’ और ‘यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है’ जैसे नारों और गानों से शहर का माहौल सियासी रंग में रंगा नजर आया।
अखिलेश यादव दोपहर करीब 12:30 बजे निजी विमान से लखनऊ से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान छह बटुकों ने मंत्रोच्चारण किया। सपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडों के साथ नीले रंग के ‘जय भीम’ लिखे झंडे भी लहराते दिखे। कई समर्थकों ने ‘टीपू इज बैक 2027’ के पोस्टर लेकर उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट से PDA रथ पर सवार होकर निकले अखिलेश का जगह-जगह स्वागत हुआ। रोड शो में रथ के आगे और पीछे कार्यकर्ताओं की भीड़ चलती रही। अखिलेश ने भी बस का गेट खोलकर समर्थकों का अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाए और माला पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान सपा सरकार में विद्यार्थियों को दिए गए लैपटॉप को लेकर कुछ कार्यकर्ता घोड़ों के साथ प्रदर्शन करते नजर आए। इसके जरिए उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार की योजनाओं को याद दिलाने की कोशिश की।
अखिलेश का रोड शो गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। चौरीचौरा में वह रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह बिन्नू की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी शामिल होंगे। इसके अलावा शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और पूर्व मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के आवास तिवारी हाता पहुंचेंगे।
राजनीतिक लिहाज से अखिलेश का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोरखपुर जिले में विधानसभा की नौ सीटें हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा प्रमुख का यह रोड शो पूर्वांचल में पार्टी की राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।