गोरखपुर

अखिलेश के गोरखपुर दौरे में दो बड़ी चूक: न शहीद स्मारक पहुंचे, न निषादों के नायक जमुना निषाद को दी श्रद्धांजलि

Akhilesh Yadav PDA Railly: अखिलेश यादव की PDA रैली में तीन बार संशोधित हुआ मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, इसके बाद भी चौरी चौरा के शहीदों को मंच से किया नमन लेकिन स्मारक जाने का कार्यक्रम नहीं बना; 19 नवंबर को थी जमुना निषाद की पुण्यतिथि है लेकिन यहां भी उनके घर जाने से चूक गए।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 2:10 PM IST
Up news, akhilesh yadav news,
गोरखपुर में सपा की PDA रैली (सोर्स: X)

Akhilesh Yadav Railly: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तीन बार संशोधित हुआ, लेकिन इसके बावजूद दो अहम कार्यक्रम शामिल नहीं हो सके। क्रांतिकारियों की धरती चौरी चौरा पहुंचकर अखिलेश यादव शहीद स्मारक नहीं गए। वहीं, निषाद समाज के बड़े नेता रहे स्व. जमुना निषाद के घर जाकर श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम भी नहीं बना। इन दोनों बातों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।

चौरीचौरा आकर भी नहीं पहुंचे शहीद स्मारक

चौरी चौरा में जनसभा के दौरान अखिलेश ने अमर शहीदों को नमन जरूर किया, लेकिन घटनास्थल से कुछ किलोमीटर दूर स्थित शहीद स्मारक जाने की जहमत नहीं उठाई। इसके उलट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक नवंबर को चौरी चौरा पहुंचे थे तो रेल ओवरब्रिज के उद्घाटन से पहले शहीद स्मारक जाकर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी थी। मंच से शहीदों के नाम और बंधू सिंह की वीरता का भी उल्लेख किया था।

जमुना निषाद की पुण्यतिथि से पहले पहुंचे थे अखिलेश

अखिलेश यादव के दौरे में दूसरी बड़ी चर्चा स्व. जमुना निषाद को लेकर है। निषाद समाज के प्रभावशाली नेता रहे जमुना निषाद की पुण्यतिथि 19 नवंबर को मनाई जाती है। उनकी पत्नी राजमती निषाद और पुत्र अमरेंद्र सपा में हैं। इसके बावजूद अखिलेश के कार्यक्रम में उनके आवास जाने का जिक्र नहीं था। तिवारी हाता में एक किनारे रखे उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर औपचारिकता पूरी की गई।

जानिए कौन थे यमुना निषाद

जमुना निषाद बसपा से 2007 में विधायक बने थे और मंत्री भी रहे। उन्होंने निषाद समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था। लोकसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी कड़ी चुनौती पेश की थी। उनके निधन के बाद पत्नी राजमती निषाद सपा से विधायक बनीं। निषाद समाज में आज भी उनका खास सम्मान है।

तीन बार बदला कार्यक्रम, फिर भी नहीं जुड़ा शहीद स्मारक

अखिलेश के दौरे का सबसे पहला कार्यक्रम जारी हुआ तो उन्हें सीधे जनसभा स्थल पहुंचना था। बाद में इसमें रथयात्रा जोड़ी गई। अगले संशोधन में तिवारी हाता जाने का कार्यक्रम शामिल हुआ। इसके बाद सपा नेता दुर्गेश यादव के यहां जाने का कार्यक्रम भी जोड़ा गया। इतने बदलावों के बावजूद शहीद स्मारक और जमुना निषाद के आवास को कार्यक्रम में जगह नहीं मिली।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चौरी चौरा के शहीद स्मारक का स्थानीय लोगों से भावनात्मक जुड़ाव है। शहीदों में पीडीए समाज के लोगों की भी भागीदारी रही है। वहीं, जमुना निषाद के प्रति निषाद मतदाताओं में सम्मान का भाव है। ऐसे में इन दोनों स्थानों पर नहीं जाना सपा के लिए राजनीतिक सवाल खड़े कर सकता है।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि अखिलेश का दौरा सवर्ण समाज को साधने पर अधिक केंद्रित रहा। हालांकि, मंच से शहीदों को नमन किया गया और जमुना निषाद के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की गई, लेकिन दोनों महत्वपूर्ण स्थानों पर औपचारिक कार्यक्रम न होना अब सियासी चर्चा का विषय बन गया है।

Updated on:
21 Nov 2026, 2:10 PM IST
Published on: