
Bank Strike: सितंबर के अंतिम सप्ताह में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण 28, 29 और 30 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 27 सितंबर, रविवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के निर्देश पर बैंक शाखाओं में कामकाज होगा।
इस तरह 26 से 30 सितंबर तक पांच दिनों में केवल 27 सितंबर को बैंक खुलेंगे। बाकी चार दिन शाखा आधारित बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। हड़ताल के दौरान नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, भुगतान और शाखाओं से जुड़ी अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। रविवार को शाखाएं खुलने से ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने का अवसर मिलेगा।
26 सितंबर : चौथा शनिवार, बैंक बंद, 27 सितंबर : रविवार, आरबीआइ के निर्देश पर बैंक खुलेंगे, 28 सितंबर : हड़ताल का पहला दिन, 29 सितंबर : हड़ताल का दूसरा दिन, 30 सितंबर : हड़ताल का तीसरा दिन।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) ने हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों से जरूरी बैंकिंग लेनदेन पहले ही पूरा करने की सलाह दी है। एसबीआइ ने ग्राहकों को नकदी की जरूरत के लिए एटीएम और एडीब्ल्यूएम का इस्तेमाल करने तथा कस्टमर सर्विस प्वाइंट (सीएसपी) की सेवाएं लेने की सलाह दी है।
इसके अलावा इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआइ और अन्य डिजिटल माध्यमों से लेनदेन की अपील की है। 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में गुरुवार को यूएफबीयू के बैनर तले बैंक कर्मचारियों ने बैंक रोड स्टेट बैंक के सामने प्रदर्शन किया। इस हड़ताल में देशभर के करीब नौ लाख अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सभी शनिवार को अवकाश मामले पर मार्च 2024 में सहमति बनने के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।
स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के उप महामंत्री राहुल कुमार गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार के कार्यालयों, आरबीआई, नाबार्ड और कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। उन्होंने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा सकती है।