बीजेपी विधायक को मंत्रीमंडल में न जगह मिली है न ही विधानसभा में पिछली जिम्मेदारी ही दी गई
गोरखपुर। विधानसभा में बीजेपी के पूर्व सचेतक रह चुके नगर विधायक डाॅ.राधामोहन दास अग्रवाल ने सपा के दिग्गज नेता शिवपाल यादव से मुलाकात को सामान्य करार दिया है। सोशल मीडिया पर चल रहे बहस के दौरान फेसबुक पर ही उन्होंने विरोधियों को भी जवाब दिया है। फेसबुक पर उन्होंने साफ किया है कि वह राजनैतिक अस्पृश्यता में विश्वास नहीं रखते हैं।
डाॅ.आरएमडी अग्रवाल ने कहा कि गोरखपुर के लोग उनको भलीभांति जानते हैं।
बता दें कि सपा में सक्रिय होने के बाद गोरखपुर क्षेत्र में शुक्रवार को पूर्व मंत्री शिवपाल यादव पहुंचे थे। कई कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद वह बीजेपी के सदर विधायक डाॅ.राधा मोहन दास अग्रवाल से भी मिले। खुद सदर विधायक डाॅ.राधामोहन दास अग्रवाल ने अपने फेसबुक पेज पर मुलाकात के क्षणों की फोटो शेयर की है। उन्होंने लिखा भी है कि सपा नेता शिवपाल सिंह यादव गोरखपुर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में गोरखपुर आए थे। मुलाकात हुई। अगले दिन लखनउ रवाना होने के पहले मेरे घर भी आए थे।
इस मुलाकात के दौरान शिवपाल यादव ने बीजेपी के सदर विधायक के घर नाश्ता भी किया।
उनके साथ बाहुबली पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी के भाई अजीत मणि त्रिपाठी व पूर्व प्रवक्ता दीपक मिश्र भी थे। इस मुलाकात के कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। राजनैतिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चाएं भी है।
यह चर्चा इसलिए भी खास है क्योंकि भाजपा के अंदरखाने की रिपोर्ट को मानें तो नगर विधायक लगातार जीत हासिल कर रहे हैं। सरकार बनने के बाद वह सरकार में मंत्री पद की आस लगाए बैठे थे लेकिन उनको मंत्रीमंडल में जगह नहीं मिल सका। सदन में विधानमंडल दल के सचेतक मंडल में भी डाॅ.राधामोहन दास अग्रवाल को इस बार जगह नहीं मिल सका। कभी योगी आदित्यनाथ के अतिकरीबियों में शुमार रहे डाॅ.राधा मोहन दास अग्रवाल को सरकार में जगह नहीं मिलने पर भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे।