गोरखपुर

गोरखपुर उपचुनावः थमा शोर, अंतिम दिन अखिलेश ने किया रोड शो तो योगी आदित्यनाथ ने जनसभा

11 मार्च को होगा मतदान, 14 को मतों की गिनती

2 min read
Byelection
Byelection

गोरखपुर. प्रदेश के दो संसदीय सीट्स पर हो रहे लोकसभा उपचुनाव का प्रचार आज थम गया। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चार जनसभाओं को कर बीजेपी प्रत्याशी उपेंद्र दत्त शुक्ल के पक्ष में माहौल बनाई। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के प्रचार की कमान संभाले नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चैधरी में बीजेपी पर आरोप लगाया कि उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को वोट करने के लिए लोगों को डराया धमकाया जा रहा। आचार संहिता के बाद भी सरकारी तंत्र , मंत्री और लखनऊ के दर्जनों अधिकारी गोरखपुर में बीजेपी को वोट दिलाने के लिए डेरा डाले हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे के बाद गोरखपुर संसदीय सीट तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा खाली की गई फूलपुर उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान होना है। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए भारी मात्रा में बाहरी फोर्स बुलाई गई है। करीब 13 हजार सुरक्षा कर्मी गोरखपुर में लगाये गए हैं। गोरखपुर में 970 मतदेय स्थलों पर 2141 बूथ बने हैं। साढ़े 19 लाख मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा औरंगजेब का शासन नहीं चाहिए

गोरखपुर में चार जनसभाओं को कर बीजेपी के पक्ष में वोटिंग की अपील करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर हमलावर रहे तो अपनी उपलब्धियां भी गिनाते रहे। वह यह भी कहते कि उपेंद्र दत्त शुक्ल उनके प्रत्याशी हैं और उनके जीतने पर विकास और तेज होगा। समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने गोरखपुर और फूलपुर में प्रत्याशी आयात किये हैं। आयत के बाद साईकिल पर हाथी को जबरन चढ़ाया गया। साइकिल हाथी का बोझ कब तक सहेगी जनता तय करेगी। उन्होंने सीधे अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें औरंगजेब का शासन नही चाहिए। योगी आदित्यनाथ कहा कि मुझे 5 बार सांसद बना कर भेजा। 4 बार मेरे गुरु ब्रह्मलीन अवेद्यनाथ महराज को संसद और 5 बार विधानसभा में भेजा। गोरखपुर की जनता के समर्थन से प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी है। बीजेपी प्रत्याशी उपेंद्र दत्त शुक्ला के लिए वोट मांगते हुए विश्वास दिलाया कि विकास के किसी पैमाने पर गोरखपुर नहीं पिछड़ेगा। हर नौजवान को उसकी प्रतिभा के अनुरूप नौकरी दी जाएगी। भ्रष्टाचार एवं कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह कोई भी हो।

सपा ने बीजेपी पर लगाया सत्ता के दुरुपयोग का आरोप

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चैधरी ने बीजेपी पर सत्ता के दुरूपयोग का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार के मंत्री और लखनऊ के कई अधिकारी गोरखपुर में डेरा डाले हुए हैं। ये लोग आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयों, शिक्षकों, रोजगार सेवकों को बीजेपी के लिए वोट करने का दबाव बना रहे। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज मंत्री ब्लॉक में सेक्रेटरी व अन्य कर्मचारियों को धमका रहे कि बीजेपी के पक्ष में वोट दिलाये। रामगोविंद चैधरी में कहा कि मुख्यमंत्री नैतिक आधार पर चुनाव आचार संहिता का पालन करें। चुनाव के दौरान वह जनता दरबार लगा चुनाव को प्रभावित करते रहे। जिस डीएम को न्यायालय ने हटाने को कहा उसको तैनात कर चुनाव में गड़बड़ी कराई जा रही। सिंचाई मंत्री बंधा किनारे बसे लोगों को बीजेपी को वोट देने अन्यथा उजाड़ दिए जाने की धमकी दे रहे।

Updated on:
10 Mar 2018 02:12 am
Published on:
10 Mar 2018 05:05 am