गोरखपुर

CM योगी बोले- BJP दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल, सपा, कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर बोला हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने गोरखपुर में BJP के जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में सीएम योगी (CM Yogi) ने बीजेपी को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बताया। CM योगी ने इस कार्यक्रम में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी समेत कई विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा।
2 min read
May 17, 2026
BJP training program
CM योगी ने BJP के जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम का शुभारंभ किया (Image: Yogi 'X')

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर की सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 और 18 मई तक चलेगा। इस अवसर पर सीएम योगी ने भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बताया। CM ने कहा- BJP ने स्थापना से मात्र 50 वर्ष से कम समय में केंद्र में सरकार बनाई और 22 राज्यों में अपने दम पर सत्ता हासिल की।

CM योगी बोले- राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय, व्यक्ति अंतिम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- भाजपा देश ही नहीं, दुनिया का एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसने हमेशा मजबूती से घोषणा की है। BJP ने घोषणा की है कि राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति का हित अंतिम है। CM ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी छवि को लीक से हटकर बनाए रखें। अगर भाजपा कार्यकर्ता भी कांग्रेस, सपा, बसपा, आरजेडी, टीएमसी या DMK की तरह आचरण करने लगे तो समाज कभी सम्मान नहीं देगा। इसलिए बीजेपी कार्यकर्ताओं को भारत और भारतीयता को सम्मान देते हुए काम करना चाहिए।

CM ने जोर दिया कि कार्यकर्ताओं को संगठन के मूल्यों और आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। बेहतर समन्वय के साथ भाजपा परिवार को सशक्त और समृद्ध बनाने का प्रयास करना होगा। संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर निर्भर करती है। हर कार्यकर्ता का केंद्र बिंदु बूथ होना चाहिए। मजबूत बूथ संरचना पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

राम मंदिर से अंतिम व्यक्ति तक विकास

सीएम योगी ने कहा कि 1986 में भाजपा ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की स्थापना का संकल्प लिया था। आज डबल इंजन की सरकार में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो चुका है, जिसने भारत को विश्व पटल पर आशा का दीपक बनाया है। महिलाओं के स्वाभिमान के लिए भाजपा सरकार ने तीन तलाक की कुप्रथा पर रोक लगाई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण प्रदान किया गया।

योगी आदित्यनाथ ने दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपनों को साकार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। शौचालय, आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं इसके ज्वलंत उदाहरण हैं। CM ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी बलिदान और योगदान को याद किया।

दो सांसदों ने शुरू की बीजेपी, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी

CM योगी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में परमिट सिस्टम का विरोध किया और जेल में उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने आगे कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हुआ। इसके बाद 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा का गठन हुआ। शुरू में मात्र दो सांसदों के साथ शुरू हुई पार्टी, आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है।

Updated on:
17 May 2026 08:14 pm
Published on:
17 May 2026 07:27 pm