27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- मोदी सरकार में 12 करोड़ शौचालय, 4 करोड़ गरीबों को घर और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन

Yogi Adityanath News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026' का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय के विजन से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
2 min read
Google source verification
CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath : सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता दरबार में सुनीं समस्याएं, PC- ANI

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में आयोजित दो दिवसीय 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026' का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। करोड़ों गरीबों को शौचालय, आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह अभियान भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में 'अंत्योदय' की अवधारणा को स्थापित करने का श्रेय उन्हें जाता है।

अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना ही अंत्योदय

सीएम योगी ने कहा कि शासन और आर्थिक नीतियों का आधार समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान होना चाहिए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को अंत्योदय का ऐसा दर्शन दिया, जिसमें विकास का लाभ सबसे कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां इसी सोच पर आधारित हैं और केंद्र सरकार की योजनाएं इसका प्रमाण हैं।

12 करोड़ शौचालय और 4 करोड़ गरीबों को मिला आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार गरीबों के जीवन में इतने बड़े स्तर पर बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में 12 करोड़ गरीब परिवारों के घरों में शौचालय बनाए गए, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का घर मिला।

उन्होंने कहा कि करोड़ों परिवारों को घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

'80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन'

सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि 50 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, जबकि 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन योजना का लाभ उठा रहे हैं।

योगी ने दावा किया कि इन योजनाओं के कारण करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर मध्यम वर्ग की श्रेणी में पहुंचे हैं, जिससे वे देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा देश को उसकी सांस्कृतिक विरासत, मूल विचारधारा और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य पूरे देश को एक साझा राष्ट्रवादी सोच के साथ जोड़ना है।

जनता दर्शन में भी सुनीं लोगों की समस्याएं

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने गोरखनाथ मंदिर की गौशाला में पहुंचकर गायों को चारा भी खिलाया।