गोरखपुर

भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी…बोले, राष्ट्रवादी परिवार आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है

भाजपा के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिये सीएम योगी ने कहा, ‘विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।
2 min read
Apr 06, 2026
Up news, gorakhpur
फ़ोटो सोर्स: पत्रिका, cm योगी

सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पार्टी का झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने झंडे के सम्मुख पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

'अंत्योदय से राष्ट्रोदय' के संकल्प की सिद्धि की है यह यात्रा

सीएम ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए एक सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। 'अंत्योदय से राष्ट्रोदय' के संकल्प की सिद्धि की है। आज के इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जनता दर्शन में पहुंचे सीएम योगी

वहीं कार्यक्रम से पहले गोरखनाथ मंदिर में सुबह सीएम योगी ने जनता दर्शन में करीब दो सौ लोगों की समस्याएं सुनीं। कई लोग अपने परिवार के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर वहां पहुंचे थे। CM ने कहा कि इस्टीमेट बनवाएं इलाज के खर्च में सरकार भरपूर मदद करेगी।इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।

सीएम का आज का कार्यक्रम

सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेसक्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाएंगे। यह कार्यक्रम गोरखपुर क्लब में सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लगभग एक घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सीएम का संबोधन भी होगा।

दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में सीएम पहुंचेंगे और यहां बनाए गए लैब का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में सीएम छात्र-छात्राओं को संबोधित भी कर सकते हैं। उसके बाद गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। वहां से आजमगढ़ के लिए रवाना होंगे।

Updated on:
06 Apr 2026 11:10 am
Published on:
06 Apr 2026 11:10 am