
गोरखपुर में ATS की छापेमारी (सोर्स: पत्रिका)
Gorakhpur ATS Raid : गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब 5 बजे एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) ने एक पेंट कारोबारी के घर छापा मारा। छापे की कार्रवाई इलाहीबाग स्थित माई धिया गढ़ही मोहल्ले में हुई, जहां 5-6 गाड़ियों के काफिले के साथ एटीएस टीम पहुंची। टीम कई घंटे से मोबाइल फोन, दस्तावेज व अन्य इलेक्ट्रानिक साक्ष्य की गहन जांच कर रही है। कुछ देर पहले मजिस्ट्रेट को भी मौके पर बुलाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच विशाखापत्तनम में दर्ज साइबर फ्रॉड के एक मामले से जुड़ी है। अब तक जानकारी में विदेश से संचालित साइबर ठगी नेटवर्क से कनेक्शन होने की आशंका के आधार पर यूपी एटीएस ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, अभी तक किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। एटीएस टीम दुकानदार जमाल अहमद और परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर जांच कर रही है। घर में मौजूद दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय थाना तिवारीपुर थानेदार विकास सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं। सुबह 10 बजे बुलाए गए मजिस्ट्रेट भी एटीएस टीम का सहयोग कर रहे हैं। SP सिटी निमिष पाटील का कहना है कि जांच दूसरी एजेंसी कर रही है, इनपुट मिलने पर जानकारी दी जाएगी।
मुंबई में हुई करीब 11 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम से गोरखपुर के ज्वेलरी शोरूमों से आभूषण और सोने के सिक्के खरीदने के मामले में सोमवार रात तीसरा मुकदमा दर्ज किया गया। कैंट थाना क्षेत्र स्थित ऐश्प्रा प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
ऐश्प्रा प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर अंकित सिंह ने कैंट पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 जून को गौतम सिंह नामक व्यक्ति ने उनके शोरूम से 8.24 लाख रुपये के सोने के आभूषण खरीदे थे। अगले दिन उसके एक सहयोगी ने 9.59 लाख रुपये के आभूषण खरीदे। दोनों खरीदारी का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। बाद में मुंबई में दर्ज साइबर ठगी के मुकदमे की जांच के दौरान साइबर सेल ने शोरूम प्रबंधन को बताया कि इन खरीदारी में इस्तेमाल की गई रकम साइबर अपराध से जुड़ी है।
इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने खरीदारी करने वाले गौतम सिंह और उसके वाहन की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
Updated on:
08 Jul 2026 01:06 pm
Published on:
08 Jul 2026 12:19 pm
