सीएम योगी गुरुवार शाम गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहार और प्रस्तावित आयोजनों की समीक्षा की और अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।
सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे, पूजन अर्चन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व योग दिवस को लेकर अधिकारियों को अभी से तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया है। गोरखनाथ मंदिर में गुरुवार शाम हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि 21 जून को मनाया जाने वाला 11वां योग दिवस भव्य, ऐतिहासिक और जनसहभागिता से परिपूर्ण होना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि जिले में योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लिए उपयुक्त और बड़ा स्थल जल्द चिन्हित किया जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भागीदारी वाले इस आयोजन का सीधा प्रसारण सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दिखाया जाए। मुख्यमंत्री ने आगामी 7 जून को पड़ने वाली बकरीद को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो, इसके लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी होनी चाहिए।
गोरखपुर शहर में चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी योजनाएं पूर्ण कर ली जाएं। सीएम ने कहा कि जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए चल रही परियोजनाएं तय समय में पूरी हों। गोड़धोइया नाला परियोजना को प्राथमिकता पर लेकर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने नालों की सफाई का काम समय रहते पूरा कराने पर जोर दिया।
जिले में लॉ एंड ऑर्डर की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि अपराधियों के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। माफिया, अपराधी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होती रहनी चाहिए। सीएम ने भटहट के पिपरी में बन रहे आयुष विश्वविद्यालय की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि 95% काम पूरा हो चुका है, अब बचे हुए फिनिशिंग कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने संकेत दिया कि शुक्रवार को वे स्वयं निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सकते हैं।
समीक्षा बैठक में एडीजी जोन डॉ. केएस प्रताप, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी एस. चिनप्पा, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, एसएसपी राजकरन नैयर, नगर आयुक्त गौरव सोगरवाल, गीडा सीईओ अनुज मलिक, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, डीएफओ विकास यादव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।