
Daroga Viral Video DDU Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो किसी सड़क, चौराहे या थाने का नहीं, बल्कि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय यानी DDU का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक दारोगा धरने पर बैठे छात्रों से सख्त लहजे में बात करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में दारोगा छात्रों को चेतावनी देते हुए कथित तौर पर कहते सुनाई देते हैं, '' बता दे रहा हूं इतनी फोर्स मंगवाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा, जान नहीं रहे हो, ये गोरखपुर पुलिस है।'' वीडियो सामने आने के बाद यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
दारोगा का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है। एक फेसबुक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, '' इस दारोगा को निलंबित करो।''
वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, ''सुरक्षाकर्मी का मुख्य काम शांति और व्यवस्था बनाए रखना होता है, लेकिन किसी पर तेज आवाज में बोलना या गुस्सा करना सही नहीं है।''
इसके अलावा एक अन्य शख्स ने लिखा,'' थोड़ा कम बोलिए दारोगा जी छात्र शक्ति के बारे में आपको नहीं पता है।''
वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, '' इस दारोगा पर उचित कार्रवाई करके इसको सस्पेंड करना चाहिए। ''
दरअसल, ये पूरा घटनाक्रम 8 सितंबर की दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। एक तरफ छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस की मौजूदगी में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और छात्रों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के बीच नोकझोंक हुई।
मामला सिर्फ दारोगा के वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है। इसके पीछे DDU परिसर में छात्रों का लंबे समय से चल रहा धरना और भूख हड़ताल है। छात्र प्रशासनिक भवन परिसर में बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को वहां से हटाने की कोशिश की। इसके लिए एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय पुलिस बल और विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासनिक भवन परिसर से छात्रों को हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही माहौल गरमा गया। धरने पर बैठे छात्र प्रशासन की कार्रवाई से नाराज हो गए। भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेताओं के साथ उनके समर्थन में मौजूद दूसरे छात्रों का भी विरोध बढ़ने लगा। देखते ही देखते छात्रों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहस और नोकझोंक की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने के दौरान मौके पर धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय को वहां से निकलना पड़ा।
DDU में छात्रों का यह प्रदर्शन 25 अगस्त से प्रशासनिक भवन के सामने चल रहा था। छात्र नेता विश्वविद्यालय से जुड़ी अपनी समस्याओं और कथित अनियमितताओं को लेकर धरने पर बैठे थे। 5 सितंबर से यह धरना भूख हड़ताल में बदल गया। छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्जवल सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। उनका कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं और मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। 8 सितंबर को भूख हड़ताल खत्म कराने और छात्रों से बातचीत करने के लिए एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर पहुंचे। छात्रों ने उनके सामने अपनी मांगें रखीं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई और मामला नोकझोंक तक पहुंच गया।
इसी पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। इसी दौरान एक दारोगा का वीडियो रिकॉर्ड हुआ, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दारोगा के इस बयान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि वायरल हो रहे वीडियो की पुष्टि पत्रिका न्यूज टीम नहीं करती है।