
First six lane flyover: गोरखपुर में बने पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर इसका लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद सीएम फ्लाईओवर पर कुछ दूरी तक पैदल चले। इसके बाद उन्होंने शिलापट्ट के पास खड़े होकर तस्वीर भी खिंचवाई। बता दें कि टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर बना 2.6 किमी लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर अंतर्जनपदीय कनेक्टिविटी के लिहाज से गोरखपुर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर का उद्घाटन करने के बाद स्वयं इस पर सफर किया और ट्रांसपोर्टनगर तक पहुंचे। इसके बाद वह देवरिया बाईपास होते हुए जनसभा स्थल के लिए रवाना हुए। यह फ्लाईओवर गोरखपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाला माना जा रहा है।
फ्लाईओवर के दोनों हिस्सों को मिलाकर 429 करोड़ 49 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इससे लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को काफी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर के लोकार्पण के साथ 995 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया।
लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर और यहीं से देवरिया बाईपास पर फोरलेन फ्लाईओवर पूरा होने पर यह लोकार्पण है। इसकी 2658 मीटर कुल लंबाई है। 50 लाख से एक करोड़ की आबादी इससे सीधे-सीधे लाभान्वित होने वाली है।
सीएम ने वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पहले नौकरी निकलती थी तो सैफई परिवार का कब्जा होता था, वहीं लिस्ट बन जाती थी लेकिन आज नौकरी आती है तो बिना भेदभाव के चयन होता है। गोरखपुर का युवा भी चुना जाता है। लखनऊ में जब मैं पूछता हूं कि कहां से तो बताता है कि गोरखपुर से। मैं खुश होता हूं कि बिना भेदभाव के नौकरी मिल रही है। कांग्रेस व सपा ने नौजवानों के साथ भेदभाव किया। सीएम योगी ने कहा कि हमने यूपी में ही 9 साल में 9 लाख युवाओं को नौकरी दी। सवा तीन करोड़ नौजवान व कारीगर फिरसे रोजगार प्राप्त् कर अपना उद्यम प्रारंभ किए। 65 लाख युवाओं को उद्यमों में नौकरी मिली है।