मंगलवार की भोर में बड़ा हादसा होते होते बचा, एम्स थानाक्षेत्र के सोनबरसा के पास फोरलेन पर कोहरे की वजह से एक के साथ पांच गाड़ियां आपस में भिड़ गई।
गोरखपुर में मंगलवार की भोर में एम्स थानाक्षेत्र के सोनबरसा बाजार के पास कोहरे की वजह से कुशीनगर की तरफ जा रहे दो बसों समेत पांच वाहन आपस में भिड़ गए। इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
दुर्घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों की मदद से एम्स थाना पुलिस ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला। फिलहाल सूचना के मुताबिक दस से अधिक यात्रियों को चोट लगी जिन्हें फर्स्ट एड दिलाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाइवे को खाली कराने के बाद पुलिस ने बसों में फंसे यात्रियों को दूसरे स्थान से भेजा गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सोनबरसा बाजार के पास बेलवा खुर्द गांव के सामने फोरलेन पर कई दिनों से एक खराब कंटेनर खड़ा था। NHAI की ओर से न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी। इसी दौरान गोरखपुर से कसया की ओर जा रही एक निजी बस सीधे खड़े कंटेनर से टकरा गई। बस के अचानक रुकते ही पीछे से आ रहे वाहन कंट्रोल नहीं सके और ताबड़तोड़ भिड़ते चले गए।
पहली टक्कर के बाद फोरलेन पर जाम लग गया। कुछ देर बाद पीछे से आ रही एक ट्रक खड़ी बस से जा भिड़ी। इसके पीछे गोरखपुर से पड़रौना जा रही अनुबंधित बस टकरा गई और फिर उसके पीछे आ रहा एक अन्य कंटेनर भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। देखते-देखते फोरलेन पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और ट्रैफिक ठप्प हो गया।
दुर्घटना में दिल्ली से बिहार जा रही निजी बस और गोरखपुर से पड़रौना जा रही अनुबंधित बस के यात्री ज्यादा प्रभावित हुए। निजी बस में करीब 50 यात्री, जबकि अनुबंधित बस में 27 यात्री सवार थे। रेस्क्यू में सभी यात्रियों को निकाल लिया गया
हादसे की जानकारी मिलने पर सोनबरसा चौकी पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। घायलों को फर्स्ट एड दिलाया गया और बसों में सवार यात्रियों को दूसरी गाड़ियों से रवाना कराया गया। आधे घंटे के बाद ट्रैफिक नॉर्मल हुआ।