गोरखपुर

यूपी में बेखौफ तस्करों ने मुठभेड़ में वन रेंजर को मारी गोली

वनों की बेरोकटोक कटान की जाती है मुख्यमंत्री के जिले में, आए दिन वनकर्मियों पर होता है हमला
less than 1 minute read
Forest Mafia
यूपी में बेखौफ तस्करों ने मुठभेड़ में वन रेंजर को मारी गोली

यूपी में बेेखौफ बदमाशों ने वन विभाग के वन रेंजर को गोली मार दी। पेड़ों की कटान की सूचना पर रेंजर तस्करों को रोकने पहुंचे थे लेकिन तस्कर वन विभाग की टीम पर भारी पड़े। घटना गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र की है। घायल वन रेंजर का इलाज बीआरडी मेडिकल काॅलेज में चल रहा है। मुठभेड़ की सूचना के बाद एसएसपी शलभ माथुर के निर्देश पर पुलिस ने वनतस्करों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोरखपुर में वनों के अवैध कटान के लिए काफी संख्या में वन तस्कर सक्रिय हैं। शुक्रवार को खोराबार क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटान की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना पाकर डिप्टी रेंजर डीएन पांडेय अपने साथ एक फाॅरेस्ट गार्ड व तीन अन्य कर्मचारियों को लेकर जंगल में पहुंचे। पेड़ों का कटान कर रहे तस्करों को इसकी भनक लग गई। वन कर्मियों के पहुंचने की भनक पाकर खौफ पैदा करने के लिए वन तस्करों ने फाॅयरिंग कर दी। इस फाॅयरिंग में डिप्टी रेंजर के दाहिने तरफ गोली लगी। गोली मारने के बाद तस्कर फरार हो गए। वनकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस को भी सूचित किया गया। तत्काल सभी सक्रिय हुए। घायल रेंजर को अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने एक लग्जरी कार, दो बाइक के साथ तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Published on:
14 Jul 2018 02:34 pm