
गोरखपुर में बीते दिनों सलवार सूट वाले चोरों के गैंग ने ताबड़तोड़ चोरियां कर हड़कंप मचा दिया था। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने इस गैंग का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गैंग के सरगना शाहपुर के मोहनापुर निवासी अरवाज खान को पुलिस ने रविवार को ही पकड़ लिया था।
सोमवार को इस गैंग में शामिल राजघाट के तुर्कमानपुर निवासी रियासत उर्फ इमरान और तिवारीपुर जफर कालोनी के राशिद खान उर्फ पिद्दी को कोतवाली क्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की घटनाओं के बाद पकड़े न जाएं इसलिए सभी हुलिया बदल कर लड़कियों के सलवार सूट और चुनरी पहन लेते थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर पाई।
SP सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में पता चला कि सरगना अरवाज खान की मां ने ही बताया था कि लड़कियों के सलवार- सूट पहनकर चोरी की घटना को आसानी से किया जा सकता है इसमें पुलिस भी आसानी से पहचान नहीं पाएगी। इसके बाद अरवाज ने रियास उर्फ इमरान और राशिद खान उर्फ पिद्दी के साथ चोरी की घटनाएं करने लगा।
गैंग का सरगना अपने बाल भी लड़कियों की तरह बढ़ाए थे। जो चेहर पर हमेशा बिखरा रहता था। चुनरी के अंदर देखने पर वह लड़कियों की तरह ही नजर आता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस ने अरवाज की मां को भी अभियुक्त बनाया है।चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए राशिद खान ई-रिक्शा से चोरी वाले स्थान तक आरोपियों को पहुंचाता था। इसके बाद चोरी का माल लाद कर आसानी से चलते बनते थे। अरवाज और रियासत उर्फ इमरान मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से चोरी के 22 हजार रुपये, 5 मोबाइल फोन, 9 सफेद धातु के सिक्के, 1 सफेद धातु का कछुआ बरामद किया है। वहीं शनिवार को अरवाज खान के कब्जे से पुलिस ने 27 हजार रुपया बरामद किया था। आरोपियों ने बताया कि अब तक 17 मोबाइल चोरी किए हैं। इसमे से 12 मोबाइल अलग-अलग फेरीवालों को बेच चुके हैं।
कोतवाली पुलिस ने बताया की 11 जून की रात जुबली कांपलेक्स में बनी स्पेयर इंडिया नाम की दुकान का शटर तोडकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था। जिसमे सलवार सूट पहनकर चोरी करते हुए आरोपी दिखे थे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
दुबारा पुनः 13 जून की रात में खुनीपुर में स्थित किराने की दुकान में चोरी किया था। इसमे भी एफआईआर दर्ज की गई थी। इस रात गैंग ने खुनीपुर में स्थित दुकान के बगल का प्लाई तोड़कर अंदर घुसकर कैश काउंटर में रखे चांदी के सिक्के व पैसों उड़ा दिए थे। जिसके संबंध में प्रार्थना पत्र के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।