गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने टॉफी देने के बहाने बच्ची को अपने कमरे में बुलाकर उनके कपड़े निकालकर अश्लील हरकत की।
शाहपुर क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम के साथ पड़ोस में किराए पर रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग कमरे में पहुंचे लेकिन आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर किया है।
चार वर्षीय बच्ची शनिवार को दोपहर में अपने घर में अकेली थी। उसी मोहल्ले में किराए के कमरे में रहने वाला गोला निवासी आकाश बच्ची को अकेला देखकर घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर आए। परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
भीड़ को देखकर आरोपित आकाश वहां से फरार हो गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पीड़िता को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस ने स्वजन की तहरीर पर आकाश के विरुद्ध पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
शादीशुदा आरोपी उसी मकान में किराए पर परिवार के साथ रहता था। उसकी 06 साल की एक बच्ची भी है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करता था। पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि आरोपी हमेशा शांत रहता था इसलिए किसी को कभी शक नहीं हुआ। उसकी पत्नी भी यहीं रहती हैं। एक हफ्ते पहले उसने पत्नी और बच्ची को मायके भेज दिया। इसके बाद उसने बच्चियों को बुलाकर ऐसी हरकत की। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की देर रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित की हालत खतरे से बाहर है।