गोरखपुर

गया में ही मौत ने किया था अलर्ट…पर गोरखपुर आने की जिद ने खत्म कर दिया परिवार, रोने को बची सिर्फ नवविवाहित बेटी

गोरखपुर के रानीडीहा के अशोक नगर निवासी विनय श्रीवास्तव ने 14 अप्रैल को अपने घर पर कथा का आयोजन कराया था। इसमें आसपास के लोग शामिल हुए थे। अगले ही दिन 15 अप्रैल को वह अपनी पत्नी अर्चना, बेटी मिसांसा, बेटे कृतार्थ और पालतू कुत्ते रुद्र के साथ बेटी की शादी के लिए रांची रवाना हो गए।

3 min read
Apr 26, 2026
फ़ोटो सोर्स: सोशल मीडिया

रांची से बेटी की शादी कर लौटते वक्त दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हुए गोरखपुर के एक परिवार के तीन सदस्यों की अर्थियां एक साथ उठीं। ससुराल से आई नवविवाहित बेटी ने परिवार के पालतू कुत्ते ‘रुद्र’ को अपने हाथों से दफनाया। सुबह मां, बाप और भाई की अर्थियां एक साथ बनाई गई, फिर उन्हें एक गाड़ी में रखकर राजघाट श्मशान घाट ले जाया गया, जहां भतीजे ने तीनों चिताओं को मुखाग्नि दी।

ये भी पढ़ें

थार सवार 4 पुलिसकर्मियों ने रिटायर्ड असिस्टेंट रजिस्ट्रार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में रौंदा

बेटी की शादी कर लौट रहे परिवार की सड़क हादसे में मौत

बता दें कि बेटी की शादी कर लौट रहे माता-पिता और भाई सहित पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस हादसे में परिवार के सदस्य की तरह हर पल साथ रहने वाले कुत्ते ‘रुद्र’ की भी जान चली गई थी। शनिवार देर रात पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव घर पहुंचे, तो मंजर ऐसा था कि नवविवाहित बेटी के अलावा परिवार में कोई रोने वाला तक नहीं था।

बता दें कि खोराबार निवासी यह परिवार रांची में 20 अप्रैल को बेटी की शादी के बाद 24 अप्रैल को कार से लौट रहा था। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों के अलावा दो ड्राइवरों की भी जान चली गई। दोनों ड्राइवर बिहार के गया के रहने वाले थे।

नवविवाहित बेटी की पहली विदाई ही अरमानों को स्याह पोत दी

सबसे बुरी स्थिति उस नवविवाहित बेटी की थी जिसकी धूमधाम से शादी कर पिता,माता और भाई लौट रहे थे और मौत ने लील लिया। कहां पहली बार जब विदा होकर मायके आती तो उसके अरमानों का अलग ही रंग होता लेकिन नियति ने एक झटके में उस पर स्याह पोत दिया। वह शनिवार को मायके पहुंची जरूर लेकिन मां-पिता और भाई को अंतिम विदाई देने। दो दिन पहले ही सब हंसी-खुशी उसे विदा करने उसके साथ थे। लेकिन शाम को जब वो मायके पहुंची तो स्वागत के लिए कोई नहीं था, सिर्फ रिश्तेदारों और पट्टीदारों के रुदन के अलावा।

पालतू कुत्ते को बेटी मिमांसा ने दफनाया

बता दें कि विनय श्रीवास्तव टीचर थे। पत्नी, बेटी, बेटा के अलावा उनका पालतू कुत्ता रुद्र भी परिवार का सदस्य ही था। बेटी मिमांसा की शादी के कार्ड में स्वागताकांक्षी में भी कुत्ते रुद्र श्रीवास्तव का नाम छपवाया था। शनिवार को जब रुद्र का शव घर पहुंचा तो ससुराल से कुछ देर पहले ही पहुंची बेटी ने अपने हाथों से रुद्र को ले जाकर दफनाया।

काश : दुर्घटना के बाद गया में रुक गए होते विनय, गोरखपुर आने की जिद अंतिम सफर बनी

खोराबार के रहने वाले विनय श्रीवास्तव की बेटी मिमांसा की शादी 20 अप्रैल को रांची में हुई थी। मिमांसा के पति सुधांशु शेखर देवरिया के रघवापुर के रहने वाले हैं लेकिन शादी झारखंड के रांची में हुई। बेटी की शादी करने विनय श्रीवास्तव अपनी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव, बेटे कृतार्थ और पालतू कुत्ते रुद्र के साथ गए थे। 23 अप्रैल को शादी की सारी रस्में पूरी करके वे लौट रहे थे। बिहार के गया में उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। एक्सीडेंट के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस पहुंची और कार को थाने लेकर गई। विनय ने कार छुड़ाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी तो रुकने की बजाय वे एक स्कार्पियो गाड़ी किराए पर लिए, दो ड्राइवर्स को भी हायर किया और स्कार्पियो से वे लोग गोरखपुर निकले।

मऊ के पास ट्रेलर ने स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ाया, परिवार के साथ दो ड्राइवरों की भी मौत

तड़के मऊ के पास हाईवे पर अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई। डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे के बाद बुरी तरह पिचकी स्कार्पियो में परिवार फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने जैसे-तैसे सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड 90 से 100 किमी के बीच थी। ड्राइवर पुरुषोत्तम को झपकी आई और स्कार्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरे लेन में पहुंच गई। उधर, तेज रफ्तार ट्रेलर था। ट्रेलर की चपेट में स्कार्पियो आ गई। टक्कर के बाद ट्रेलर कई मीटर तक स्कार्पियो को घसीट ले गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

भतीजे ने किया चाचा विनय के परिवार का अंतिम संस्कार

सुबह से ही परिवार के साथ अन्य रिश्तेदार पहुंचने लगे थे। अशोकनगर से तीनों अर्थियां एक साथ उठीं तो हर कोई रो पड़ा। तीनों के शव का अंतिम संस्कार राजघाट के मोक्षधाम में किया गया। मुखाग्नि विनय के भाई के बेटे आनंद श्रीवास्तव उर्फ प्रियांशु ने दी। प्रियांशु की शादी 7 मई को थी लेकिन घर में तीन मौत के बाद शादी टल गई है। मायके में अब नव विवाहिता बेटी का हाल जानने के लिए कोई नहीं बचा।

ये भी पढ़ें

बराही जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने वाले 5 फरार आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो को लगी गोली
Published on:
26 Apr 2026 02:47 pm
Also Read
View All