डीडीयू प्रांगण में एक निजी संस्था के सहयोग से लगाया गया है तिरंगा
पूर्वांचल में सबसे ऊंचाई वाला तिरंगा आज गोरखपुर में फहरेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार की शाम को डीडीयू कैंपस में लगे इस तिरंगे का लोकार्पण करेंगे। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के पास 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज रोज लहराएगा।
विवि परिसर में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना जेसीआई मिड टाउन द्वारा कराई गई है। बीते दिनों संस्था ने गोरखपुर विशेषकर गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज को स्थापित करने का निर्णय लिया। बताया जा रहा कि इस पूरे काम में करीब पंद्रह लाख की खर्च आनी है जो कि एनजीओ द्वारा उठाया गया है। गोरखपुुर विवि में 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लहराने के लिए कुछ महीने पहले कुलपति प्रो.वीके सिंह ने फाउंडेशन की नींव रखी थी। तिरंगा लगाने के लिए कार्यपरिषद द्वारा स्वीकृति देने के बाद विवि प्रशासन ने इसके लिए संस्था को चार सौ फीट जगह उपलब्ध कराई थी।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. रविशंकर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम 19 जून की शाम साढ़े चार बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के मुख्यअतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगें। अध्यक्षता विवि के कुलपति प्रो. विजय कृष्ण सिंह होंगे। कार्यक्रम मं जेसीआई मिड टाउन के अध्यक्ष विनीत पोद्दार तथा उद्यमी अमर तुलस्यान भी उपस्थित रहेंगे।
दो दिन शहर में रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिन में करीब 3.20 बजे गोरखपुर आएंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे सर्किट हाउस में आएंगे। सर्किट हाउस में वह शाम चार बजे तक रहेंगे। कांफ्रेंस हाॅल में वह नगर विकास एवं अन्य विभागों के विकास कार्याें की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह सीधे रामगढ़ ताल पहुंचेंगे। रामगढ़ ताल स्थित विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण के बाद वह सीधे दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय जाएंगे। वहां करीब एक घंटे रहेंगे। इस एक घंटे के कार्यक्रम में वह विवि प्रांगण में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण करेंगे। वहां से सीधे वह गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। मंदिर में ही रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन मंदिर में ही जनता दरबार लगाएंगे। जनता दरबार से निवृत्त होने के बाद वह गोरखनाथ मंदिर में ही पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। आगामी योजनाओं पर विचार विमर्श के बाद कुछ देर विश्राम करेंगे। फिर करीब तीन बजे स्मृति भवन सभागार में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने जाएंगे। शाम 5.20 बजे वह वापस लखनउ लौट जाएंगे।