खोराबार थाना क्षेत्र के रामपुरदांडी निवासी मितेश पुत्र अपनी पत्नी सोनम व दो मासूम लड़कियां खुशी और तन्नू के साथ घूमने के लिए शहर गए हुए थे। वापस लौटते समय वह सिक्टौर के करमहिया घाट के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
गोरखपुर में सड़कों पर खूनी डंपर घूम रहे हैं, इसकी भेंट नवविवाहित दंपति चढ़ गए। बता दें कि खोराबार थाना क्षेत्र के सिक्टौर में मंगलवार की रात करीब सात बजे बाइक पर सवार होकर जा रहे एक परिवार को डंपर ने भीषण टक्कर मार दी, हादसे के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए। इसमें पति,पत्नी और दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया, गाड़ी से मिले कागज के आधार पर परिजनों को फोन किया गया, वहां पहुंचे परिजनों ने घायलों को एम्स में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों की टीम ने पति-पत्नी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज से दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं दोनों दोनों लड़कियों का इलाज एम्स में चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार की पहचान मितेश और उसकी पत्नी सोनम के रूप में की, उनके साथ और घर की दो मासूम लड़कियां खुशी और तन्नू थीं। रामगढ़ ताल क्षेत्र के नौका विहार से सभी घूमकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सिक्टौर के करमहिया घाट के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद लोगों काफी आक्रोशित हो गए।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों को पहले एम्स गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने नितेश और उनकी पत्नी सोनम की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनोंके मुताबिक मितेश और सोनम की शादी अभी केवल एक महीने पहले ही हुई थी, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। जैसे ही इस घटना की सूचना मितेश के घर पहुंची, वहां मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही खोराबार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया।
आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।