
फोटो सोर्स: पत्रिका, सांसद राधामोहन दास अग्रवाल
गोरखपुर में मंगलवार की सुबह भाजपा नेता राजकुमार चौहान की नृशंस हत्या जिसके बाद परिवार वालों से मिलने कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल पहुंचे। ज्योंहि दोनों नेता मृतक के घर पहुंचे वहां सैकड़ों की भीड़ ने उन्हें घेर किया, परिजनों की चीत्कार से मातम पसरा हुआ था। मृतक की पत्नी और बेटियां दहाड़े मार रो रही थी, दोनों ने किसी तरह परिवार को ढाढ़स बांधा।
मृतक के परिवार से कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं जिनके पालन पोषण के लिए जो कुछ भी है आप लोग लिखकर दीजिए मैं मुख्यमंत्री जी से प्रयास करूंगा कि इनको जो भी आर्थिक सहयोग मिल सके हम लोग पूरा प्रयास करेंगे।
इसके अलावा राज्यसभा सांसद डा. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि राजकुमार चौहान भारतीय जनता पार्टी के बहुत वरिष्ठ नेता थे। उनके साथ जघन्य घटना होना काफी मर्माहत करता है, सांसद ने कहा कि ठीक गोरखनाथ मंदिर के पीछे उनकी निर्मम हत्या हो गई। दुर्दांत अपराधियों ने चाकू गोद-गोद कर मारा है।
इसको हम लोग मॉब लिंचिंग कहें तो गलत नहीं होगा। सरकार हमारी भारतीय जनता पार्टी की है। हम लोग यही मानते हैं कि पहले की तुलना में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है। इसका मतलब यह नहीं है कि चिराग तले अंधेरा हो जाएगा।
कार्यकर्ता की मौत से आवेशित सांसद ने कहा मैं तो दिल्ली से पार्लियामेंट छोड़ कर आया हूं। यह परिवार चाहता हैं कि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। कोई भी अपराधी हो, मैं तो नाम भी नहीं जानता हूं। मृतक की पत्नी ने स्वयं एफआईआर लिखाया है और नामजद किया है।
प्रशासन से यही कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी कर आगे की न्यायिक कार्रवाई करें। अन्यथा मैं तो हूं ही राज्यसभा में इन सब लोगों को मैं नंगा कर दूंगा। जो बचने का प्रयास करेगा मेरे पास संवैधानिक रास्ता है। घर में दो-दो बेटियां हैं, उनकी देखरेख कौन करेगा। सरकार और प्रशासन के नाक के नीचे इतना बड़ा कांड हो रहा है। प्रशासन को जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी।
गोरखपुर में चिलुआताल थानाक्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता की 4 बदमाशों ने घर से कुछ ही दूर उन्हें घेर लिया। शरीर पर दर्जनों चाकू मारे, घायल होने के बाद भी भाजपा नेता कुछ दूर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर फिर हमला कर दिया।हमलावर कुछ देर तक वहीं रुके रहे और उनके मरने का इंतजार करते रहे। तसल्ली होने के बाद वहां से भाग गए।
Updated on:
18 Mar 2026 12:19 am
Published on:
17 Mar 2026 10:38 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
