गोरखपुर

‘सीएम योगी और गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ा दूंगा’, 24 घंटे में पकड़ा गया आरोपी, सच्चाई जान पुलिस भी रह गई हैरान

CM Yogi Adityanath: सीएम योगी और गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला पुलिस की गिरफ्त में। जब सच्चाई सामने आई तो खुद पुलिस के भी होश उड़ गए। जानिए क्या है पूरा मामला।
2 min read
Jul 02, 2026
Gorakhpur Bomb Threat Case, Kushinagar Minor Bomb Threat
CM योगी और गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी | फोटो सोर्स- patrika.com

CM Yogi Bomb Threat: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सोमवार की आधी रात को एक अनजान शख्स ने पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन करके यह धमकी दी। SOG और सर्विलांस टीम ने मिलकर सिर्फ 24 घंटे के अंदर आरोपी को ट्रैक कर हिरासत में ले लिया। लेकिन जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और उससे पूछताछ की, तो जो हकीकत सामने आई उसने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया।

बुजुर्ग दादी के मोबाइल से रची गई साजिश

यह पूरा मामला कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र का है। सोमवार रात करीब 12 बजे पुलिस के पास यह धमकी भरी कॉल आई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी देने के लिए जिस मोबाइल का इस्तेमाल किया गया था, वह आरोपी की बुजुर्ग दादी का था। धमकी देने वाले लड़के ने अपनी दादी से झूठ बोलकर मोबाइल मांगा था। उसने कहा था कि बाहर बहुत अंधेरा है और उसे वॉशरूम जाने के लिए फोन की टॉर्च जलानी है। दादी ने बिना किसी शक के उसे फोन दे दिया, लेकिन उसने टॉर्च जलाने के बजाय सीधे 112 पर फोन लगा दिया और धमकी दे डाली।

कौन है धमकी देने वाला?

जब पुलिस ने फुर्ति दिखाते हुए आरोपी को कुशीनगर से गिरफ्तार किया, तो पता चला कि धमकी देने वाला कोई बड़ा अपराधी या आतंकी नहीं, बल्कि सिर्फ 15 साल का एक नाबालिग लड़का है। वह मानसिक रूप से बीमार है और उसे नशे की बुरी लत है। जांच में पता चला कि इस किशोर की मां की बीमारी के कारण पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि पिता इससे अलग रहते हैं। वह अपनी बुजुर्ग दादी के साथ रहता है, दिनभर आवारा घूमता है और उसे नशे की गंभीर लत लग चुकी है। सोमवार की रात भी उसने नशे की ही हालत में इस वारदात को अंजाम दिया था।

2025 में अयोध्या को भी दे चुका है धमकी

गोरखपुर पुलिस की पड़ताल में यह भी पता चला है कि इस नाबालिग का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले साल 2025 में भी इसने इसी तरह की हरकत की थी, तब इसने अयोध्या धाम को बम से उड़ाने की धमकी देकर सुरक्षा एजेंसियों को परेशान कर दिया था।

पुलिस ने पूछताछ के बाद घर छोड़ा

आरोपी नाबालिग है और मानसिक रूप से बीमार है, इसलिए पुलिस ने उसके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। गोरखपुर लाकर उससे जरूरी पूछताछ की गई और फिर उसे समझा-बुझाकर वापस उसकी दादी के पास घर छोड़ दिया गया। पुलिस ने उसकी दादी को उस पर नजर रखने की सलाह दी है।

Published on:
02 Jul 2026 10:47 am