केंद्र की अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार ने युवाओं को आत्मबल दिया था
गोरखपुर। बीस साल पहले हुए पोखरण परमाणु परीक्षण से देश विश्वशक्ति बनने की ओर अग्रसर तो हुआ ही युवाओं को भी आत्मबल मिला। वह दुनिया में गर्व के साथ सफलता की सीढ़ी चढ़ सकता था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार से नौजवानों को आत्मबल और प्रेरणा मिलती थी और आगे भी मिलती रहेगी।
ये बातें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कही। पोखरण परणामु परीक्षण के दो दशक पूरा होने पर जगह-जगह आयोजित हो रहे सम्मेलनों के क्रम में गोरखपुर में आयोजिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कहा कि देश तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा। यूपी भी देश की तरक्की में पिछले एक साल से बराबर का योगदान कर रहा। उन्होंने कहा कि इस देश को आगे ले जाने में युवाओं को बहुत बड़ा योगदान होगा। युवा ही देश को दिशा दे सकता है। उन्हें आगे आकर जन कल्याणकारी योजनाओं को सफल बनाना चाहिए।
दयाशंकर सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा रोजगार सृजन पर किए जा रहे काम का बखान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के लिए 4.50 लाख नौकरियां ला रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में जातिवाद, क्षेत्रवाद के आधार पर भेदभाव किया जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव समाज के हर वर्ग के युवाओं को मौका दे रही है। वह स्वाबलंबी बन रहे। रोजगार में बराबर का हक सबको मिल रहा। यह सरकार सबको एकसमान मौका दे रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने परमाणु परीक्षण के बाद देश पर बढ़े कूटनीतिक दबाव की चर्चा करते हुए कहा कि यह परमाणु परीक्षण, विदेशी दबावों को दरकिनार करते हुए भारत को शक्तिशाली बनाने के लिए किया गया। परीक्षण के बाद अमरीका और चीन जैसे देशों ने आर्थिक नाकेबंदी की धमकी दी। विपक्ष ने भी कोई सहयोग नहीं दिया लेकिन सरकार नहीं झुकी। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के कुशल नेतृत्व के चलते परीक्षण होने तक यह कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रहा। जब परीक्षण हो गया तब ही लोग जान पाए। इस परीक्षण के चलते ही आज हम शक्तिशाली देशों में माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज इसी परमाणु शक्ति ? के कारण चीन की सेना को भी डोकलाम से पीछे हटना पड़ा। अपनी गलती स्वीकार करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारें गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए कटिबद्ध हैं।