गोरखपुर

नितिन नबीन के स्वागत में एयरपोर्ट से गोलघर तक सजेंगे 24 स्वागत स्थल: एक लाख लोगों के जुटने का दावा, योगी के साथ निकालेंगे पदयात्रा

Gorakhpur news: महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आज भाजपा की होगी विशाल जनसभा, ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से निकल कर सरदार पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 12:43 PM IST
Up news, bjp railly
गोरखपुर में आज होगी नितिन नवीन की रैली (सोर्स: सोशल मीडिया)

Nitin naveen railly in gorakhpur: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के 4 नवंबर को प्रस्तावित गोरखपुर दौरे की तैयारियां पूरी हो गई हैं। उनके स्वागत के लिए गोरखपुर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक छह और पदयात्रा मार्ग पर 18 स्वागत स्थल बनाए गए हैं। भाजपा ने पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है।

भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सर्किट हाउस जाएंगे और फिर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल समेत पार्टी और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

जनसभा के बाद नितिन नबीन ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ करेंगे। पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर गोलघर स्थित काली मंदिर के निकट सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। रास्ते में 18 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक संगठनों के पदाधिकारी तथा आमजन उनका स्वागत करेंगे। सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पदयात्रा का समापन होगा।

प्रबुद्ध वर्ग और जनप्रतिनिधियों से करेंगे संवाद

पदयात्रा के बाद एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग के साथ बैठक होगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। रात में उनका गोरखपुर में ही प्रवास रहेगा।

गोरखनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन

राष्ट्रीय अध्यक्ष 5 नवंबर की सुबह गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद एनेक्सी भवन में पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। अंत में पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक के बाद दिल्ली रवाना होंगे।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता समन्वय के साथ जुटे हैं। स्वागत और पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ आमजन में भी उत्साह है। उन्होंने पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई।

पांच नवंबर को भी बैठकों का दौर

राष्ट्रीय अध्यक्ष का दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास पांच नवंबर को भी जारी रहेगा। सुबह गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वह पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व क्षेत्रीय पदाधिकारियों और पूर्व जिलाध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा पूर्व सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और जिला पंचायत अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। अंत में गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 सांगठनिक जिलों के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है।

2027 के मद्देनजर पूर्वांचल पर फोकस

भाजपा का यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभियान शुरू होना पूर्वांचल में संगठन की सक्रियता और जनसंपर्क बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। पार्टी का जोर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ विभिन्न वर्गों तक अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को पहुंचाने पर है।

Updated on:
4 Nov 2026, 12:43 PM IST
Published on: