गोरखपुर में मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाने पहुंचे थे डाॅ.दिनेश शर्मा
गोरखपुर। मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों की बखान करने गोरखपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री डाॅ. दिनेश शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री हटवाना चाहते हैं। देश में भी पचास राजनैतिक दल एकजुट होकर प्रधानमंत्री को हटाने की साजिश कर रहे हैं। ये लोग मोदी के बढ़ते जनाधार से परेशान होकर गठबंधन किए हैं। उनको सिर्फ इसलिए हरवाने की साजिश रची जा रही कि वह काम कर रहे हैं।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब उप मुख्यमंत्री डाॅ.शर्मा ने कहा कि पूरी दुनिया में मोदी की वजह से भारत का सम्मान बढ़ा है। हमारे विरोधी भी हमको विश्व शक्ति के रूप में देख रहे हैं। पूरे विश्व में लोग उन्हें सुनने के लिए आते हैं। विदेश नीति में हम सफल हो रहे हैं। महंगाई दर में कमी लाये, जीडीपी बढ़ी है। उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य चीजों में हम ग्रोथ कर रहे हैं।
इटली की गांधी वाली कांग्रेस ने कुछ नहीं किया
उप मुख्यमंत्री डाॅ.दिनेश शर्मा ने कहा कि गांधी की कांग्रेस जो अब इटली की गांधी की कांग्रेस हो चली है उसने सरकार में रहते हुए कुछ किया नहीं। केंद्र के लिए यह चार साल व यूपी के लिए बीता एक साल काफी चुनौतीपूर्ण रहा। जर्जर व्यवस्था, चरमराई अर्थव्यवस्था और पड़ोसी देशों से संबंध जैसी चुनौती थी। मोदीजी जबसे प्रधानमंत्री बने हैं वे देश और विदेश में भारत को बड़ी शक्ति के रूप में पेश कर रहे हैं। उन्होंने विमुद्रीकरण करके चमत्कारिक तरीके से नोटबंदी कर दी जो वोट की राजनीति के विपरीत जनहित के लिए उठाया गया कदम था। हमलोगों से जनता के बीच में जाकर बात रखने के लिए कहा। उन्होंने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि ऋणमोचन योजना में किसानों का ऋण माफ किया। आरटीजीएस का चलन मोदीजी के समय मे ज्यादा आया और किसानों को भी इसका लाभ मिला। स्टार्टअप और मेक इन इंडिया से युवाओं को स्वाबलंबी बनने का मौका मिला। पीएम ने देश की अर्थव्यवस्था को लांग टर्म के लिए पटरी पर लाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि समग्र विकास से उद्योग धंधों का विकास हो रहा। सड़कों का जो जाल बिछा है वो इस सरकार ने किया। पीएम मोदी की देन है कि गांव में सोलर की क्रांति आई। सौभाग्य योजना को प्रारम्भ कर दिया। गरीब किसानों को जनधन योजना के माध्यम से लाभ दिया।
स्वच्छता मिशन जो बापू की पार्टी ने पूरा नहीं किया, उसे मोदी जी ने पूरा किया। गांव की बहन-बेटियां सड़क पर लोटा लेकर शौच करने को मजबूर थी, उनके घर शौचालय नही था। प्रधानमंत्री ने देश के हर घर को शौचालय देने का काम किया हैं।
उन्होंने कहाकि देश में जिन गरीबों के यहां आजादी के बाद बिजली नही थी, वहां प्रधानमंत्री जी ने बिजली पहुचाई हैं। प्रधानमंत्री जी ने विश्व का सबसे बड़ा अभियान चलाया, जिससे कई लाख लोगों को आवास मिला हैं।
जल्द कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
डाॅ.दिनेश शर्मा ने कहा कि पेट्रोल के रेट में 2-4 दिन में परिवर्तन आये हैं। चिंतन-मनन हो रहा है। प्रधानमंत्री और पेट्रोलियम मंत्री मनन कर रहे हैं। जल्द ही परिणाम सामने आएगा।