
Police Seized 43.95 Lakhs: गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्त और चेकिंग के दौरान दो युवकों के पास से 43 लाख 95 हजार 600 रुपये नकद बरामद हुए। बैग रखने को लेकर दोनों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने जांच की तो इतनी बड़ी रकम का मामला सामने आया। धनराशि के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आयकर विभाग को भी सूचना दी गई है।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि 25/26 नवंबर की रात टीपीनगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुधीर कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्तियों के बीच बैग रखने को लेकर विवाद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों से पूछताछ शुरू की। मामला संदिग्ध लगने पर उनके बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान विकास पाण्डेय निवासी विवेकपुरम, तारामंडल, थाना रामगढ़ताल के बैग से 26 लाख 14 हजार 700 रुपये बरामद हुए। वहीं, दूसरे युवक दुर्विजय यादव निवासी टिकरिया नाथ सिंह, थाना हरपुर बुदहट के बैग से 17 लाख 80 हजार 900 रुपये मिले। इस तरह दोनों के पास से कुल 43 लाख 95 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों से इतनी बड़ी रकम रखने का कारण और उसके स्रोत के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और बरामद नकदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचना दी। मामले में थाने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा, चौकी प्रभारी सुधीर कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मृत्युंजय कुमार राय, आनंद कुमार उपाध्याय समेत पुलिस टीम शामिल रही।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए चार थानेदार समेत 12 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक अमित राय को कैंट का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं, हर्षवर्धन सिंह को बांसगांव थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कैंट प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, चिलुआताल थानाध्यक्ष सूरज सिंह, सहजनवां थानाध्यक्ष संजय मिश्रा और उरुवा बाजार थानाध्यक्ष राजकुमार बरवार को पुलिस लाइन भेजा गया है। राणा प्रताप सिंह को चिलुआताल, रोहित उपाध्याय को सहजनवां और गोरखनाथ सरोज को उरुवा बाजार का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा संदीप यादव को चुनाव सेल, दीनानाथ सरोज को एएचटी प्रभारी और मनोज कुमार पांडेय को कोतवाली में अतिरिक्त निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है।