
CDO की बैठक (सोर्स: अनूप शुक्ला)
CM Dashboard Meeting: गोरखपुर में सांसद और विधायक निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों में देरी और लापरवाही पर सीडीओ अभिषेक कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान कई विभागों की सुस्ती सामने आई। सबसे ज्यादा लापरवाही विद्युत विभाग में मिली। हैरानी की बात यह रही कि कुछ अधिकारी बिना संबंधित फाइल और पूरी जानकारी के ही बैठक में पहुंच गए। इस पर सीडीओ ने कड़ी फटकार लगाते हुए कौड़ीराम के विद्युत अधिशासी अभियंता और यूपी सीडको के आशुतोष द्विवेदी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सांसद-विधायक निधि के कार्यों में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। स्वीकृत और धनराशि जारी हो चुके सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पूर्ण कार्यस्थल पर संबंधित सांसद या विधायक के नाम का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि लोगों को विकास कार्य के लिए उपलब्ध कराई गई निधि की जानकारी मिल सके।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों की तैयारी पर भी सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बैठक में बिना फाइल और अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के पहुंचना गंभीर लापरवाही है। जिन परियोजनाओं में तकनीकी या विभागीय बाधा है, उनका स्पष्ट विवरण प्रस्तुत किया जाए, ताकि समय रहते समाधान कराया जा सके। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को शुक्रवार को दोबारा होने वाली बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया। अगली बैठक में लंबित कार्यों, खर्च हुई धनराशि और परियोजनाओं को पूरा करने की समयसीमा की बिंदुवार समीक्षा होगी।
गोरखपुर में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 42 विकास परियोजनाओं की निर्धारित समयसीमा बीतने के बावजूद काम अधूरे हैं। इनमें सबसे खराब स्थिति लोक निर्माण विभाग की है, जिसकी 18 परियोजनाएं लंबित हैं। यूपी सिडको की दो परियोजनाएं भी समय पर पूरी नहीं हो सकीं।
बुधवार को विकास भवन सभागार में सीडीओ अभिषेक कुमार ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दर्ज परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान यूपी राज्य निर्माण सहकारी संघ की दो, प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन की तीन, राजकीय निर्माण निगम की तीन और पर्यटन विकास निगम की एक परियोजना भी लंबित मिली। इसके अलावा जीडीए, नगर निगम, सिंचाई विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा और सीएंडडीएस की परियोजनाएं भी समयसीमा पार कर चुकी हैं।
सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पोर्टल पर कागजी प्रगति नहीं, बल्कि धरातल पर काम दिखना चाहिए। सभी कार्यदायी संस्थाएं देरी का कारण बताते हुए परियोजनाओं को पूरा करने की निश्चित समयसीमा तय करें। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि बजट, भूमि या तकनीकी अड़चनों के नाम पर काम लंबित नहीं रहना चाहिए। बैठक में डीएफओ शुभम सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत और परियोजना निदेशक दीपक सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
25 Nov 2026, 5:07 PM IST
Published on:
25 Nov 2026, 5:07 PM IST
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश




