
मंडलायुक्त ने दिलाई शपथ (सोर्स: अनूप शुक्ला)
Constitution Day: गोरखपुर में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कमिश्नरी और कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम आयोजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई गई। मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त तथा कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए सभी को संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प दिलाया।
दोनों कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को अपने व्यवहार और कार्यप्रणाली में अपनाने का संकल्प लिया।
वहीं, मंडलायुक्त ने अधिकारियों-कर्मचारियों से संविधान के मूल आदर्शों के अनुरूप कार्य करने और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों का पालन लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ समाज में समानता और सद्भाव स्थापित करने के लिए आवश्यक है। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, अपर आयुक्त न्यायिक राजेश श्रीवास्तव सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। यह नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। सरकारी सेवकों को जनहित सर्वोपरि रखते हुए पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता से दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भारतीय संविधान के महत्व को याद करना, संविधान निर्माताओं के योगदान का सम्मान करना और नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान पूरे देश में लागू हुआ। इसी दिन को हम गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की।
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करना, नागरिकों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देना, लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को मजबूत करना, संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों के प्रति लोगों में सम्मान पैदा करना, देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Nov 2026, 12:58 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 12:58 PM IST
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश




