
Police encounter: गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में बाइक से धक्का देकर महिला की हत्या करने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गुरुवार भोर में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस के पास पहुंचने पर आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। वह कहने लगा, ‘साहब, गलती हो गई।’ घायल आरोपी को पहले सीएचसी कौड़ीराम ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आरोपी की पहचान बेलीपार क्षेत्र के चंदौली बुजुर्ग निवासी रवि निषाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार भोर में मुखबिर से सूचना मिली कि महिला की हत्या का आरोपी रवि निषाद कसिहार बंधे के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान रवि ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बेलीपार क्षेत्र के मलांव गांव निवासी संतोष पांडेय 24 अक्टूबर की रात अपनी पत्नी मीरा पांडेय (54) के साथ गोरखपुर में एक मैरिज हाउस में आयोजित सगाई समारोह से बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे भरवल गांव के आगे पीछे से रेसर बाइक पर सवार दो लोग पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने जान से मारने की नीयत से मीरा को धक्का दे दिया।
धक्का लगने से मीरा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। संतोष ने घटना की जानकारी गांव में रहने वाले अपने चचेरे भाई को दी। इसके बाद परिजन मीरा को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद संतोष पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान रवि निषाद का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में बेलीपार के थानाध्यक्ष राजकुमार बरवार, एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय, एंटी थेफ्ट नगर प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम सिंह, एंटी थेफ्ट दक्षिणी के उपनिरीक्षक राणा प्रताप सिंह, सर्वेश सिंह और दीपक कुमार तथा सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक छोटेलाल राय शामिल रहे। इनके अलावा बेलीपार थाने के उपनिरीक्षक हिमांशु तिवारी, उमेश यादव और अनिल कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया।