पैसों की तंगी से निजात पाने के लिए चंदन सिंह के नाम पर मांगने गए थे रंगदारी
गोरखपुर। कुख्यात चंदन सिंह के नाम पर एक डाॅक्टर से पांच लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चंदन सिंह की नाम के दहशत का लाभ उठाकर ये तीनों लोग डाॅक्टर से पांच लाख ऐंठना चाहते थे। लेकिन डाॅक्टर की शिकायत पर पुलिस सक्रिय हुई और तीनों धर लिए गए।
सोमवार को एसएसपी शलभ माथुर ने इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कुछ दिनों पहले गोरखनाथ क्षेत्र के एक डाॅक्टर को फोन कर रंगदारी मांगी गई थी। पांच लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की बात कही गई थी। रंगदारी मांगने वाले ने खुद को कुख्यात चंदन सिंह गिरोह का सदस्य बताया था। डरे डाॅक्टर ने इसकी शिकायत पुलिस को की। एसएसपी ने इस केस में अपने मातहतों को लगाया।
एसएसपी के अनुसार सोमवार को इस प्रकरण से संबंधित तीन लोगों के गोरखनाथ क्षेत्र के सरस्वती स्कूल के पास होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। सुभाष चंद्र बोस नगर के पास तीन लोग एक बाइक पर सवार होकर आते दिखायी दिए। पुलिस ने पहले से डेरा जमाए हुए था। जब इनको रोकनी चाही तो ये लोग भागने लगे। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख ये लोग पुलिस टीम पर फायर भी किए। लेकिन पुलिस ने इन तीनों का धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार इन लोगों ने पूछताछ में बताया कि पैसों की सख्त आवश्यकता की वजह से इन लोगों ने रंगदारी मांगी थी। चूंकि, चंदन सिंह का दहशत है इसलिए उसके नाम का इस्तेमाल किया।
पकड़े गए आरोपियों में झंगहा क्षेत्र के गहिरा का अखिलेशर राय उर्फ कृष्ण राय, तिवारीपुर के इलाहीबाग का एसानुल हक और गोरखनाथ के चक्सा हुसैन का अचल उर्फ विक्की पांडेय शामिल है। इनके पास से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक फायर कारतूस, एक चाकू बरामद हुआ है।