Sanjay Nishad Crying Video Gorakhpur : गोरखपुर के महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित एक विशाल जनसभा को संजय निषाद संबोधित कर रहे थे। इस दौरान वह फूट-फूटकर रोने लगे।
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 का चुनाव नजदीक है। हर पार्टी अपना दमखम दिखाने की चाहत रख रही है। इसी कड़ी में निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद गोरखपुर में पहुंचे। निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद गोरखपुर के महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अचानक फूट-फूटकर रो पड़े। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अपने समाज की बदहाली और अतीत के जख्मों को याद कर डॉ. निषाद इतने भावुक हो गए कि काफी देर तक खुद को संभाल नहीं पाए।
मंच से दहाड़ते-दहाड़ते अचानक डॉ. संजय निषाद का गला तब भर आया, जब उन्होंने निषाद समाज के साथ हुए ऐतिहासिक अन्याय का जिक्र छेड़ा। रुंधे हुए गले और आंखों में आंसू लिए उन्होंने पिछली सरकारों को कटघरे में खड़ा करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, 'हमारे समाज के साथ वर्षों तक अन्याय हुआ। पिछली सरकारों ने निषाद समाज को केवल 'वोट बैंक' की तरह इस्तेमाल किया और हमारे अधिकारों को बेरहमी से नजरअंदाज किया। हमारी बहन-बेटियों की इज्जत लूटी गई और हमारे मासूम बच्चों के भविष्य को जानबूझकर पीछे धकेल दिया गया।' डॉ. निषाद ने रुआंसे स्वर में कहा कि वर्षों तक उनके समाज को शिक्षा और रोजगार से दूर रखकर गुमराह किया गया।
इससे पहले डॉ. संजय निषाद ने गोरखपुर की सड़कों पर अपना जबरदस्त सियासी रसूख दिखाया। हजारों कार्यकर्ताओं के हुजूम के बीच खुद संजय निषाद बुलेट पर सवार होकर मोटरसाइकिल रैली की अगुवाई करते नजर आए। शहर के प्रमुख इलाकों से गुजरी यह रैली निषाद पार्टी के आक्रामक चुनावी तेवर का स्पष्ट संकेत थी। पार्क में जुटी भीड़ और सड़कों पर दिखा यह जनसैलाब यह बताने के लिए पर्याप्त था कि 'मछुआरा समाज' अब अपनी राजनीतिक ताकत को लेकर पूरी तरह लामबंद हो चुका है।
डॉ. निषाद ने समाज को एकजुट होने का कड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ठगों और बेईमानों का साथ छोड़ें और अपनी पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने निषाद समाज की पीड़ा को समझा है और उनकी मांगों को सदन में मजबूती से उठाया है।