दीपक की मौत से उसका परिवार पूरी तरह टूट चुका है, किसी को सहसा यकीन भी नहीं हो रहा है कि दीपक अब नहीं है। मां-बाप और भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। DM दीपक मीणा ने कहा है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
गोरखपुर में सोमवार देर रात पशु तस्करों ने छात्र की हत्या कर लाश कुछ दूर फेंक कर भाग निकले। इसके बाद सुबह से ही पुलिस और जनता में संघर्ष चल रहा था, मामला इतना बिगड़ा कि आक्रोशित जनता के हमले में SP नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पिपराइच थानेदार पुरूषोतम आनंद सिंह सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, मामला सीएम योगी के संज्ञान में आया।
किसी तरह स्थिति नियंत्रण होने के बाद पोस्टमार्टम हुआ और दीपक का शव गांव पहुंचा, तो गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस और पीएसी के जवानों पर पथराव किया। घर पर शव को सिर्फ दस मिनट ही रखने दिया गया। इसके बाद पुलिस ने दाह संस्कार करने के लिए परिवार से कहा। अर्थी को लेकर परिवार के लोग गांव के बाहर पहुंचे, दीपक के अंतिम संस्कार के वक्त पूरे गांव के लोग मौजूद रहे। DIG, SSP भी गांव में बने हुए हैं। शव को मुखाग्नि देते हुए पिता बेसुध थे। दीपक की मौत पर DM दीपक मीणा ने कहा कि बेहद ही दुखद घटना है। पुलिस की ओर लगातार कार्रवाई की जा रही है। परिवार से बातचीत हुई। परिवार की जो मांग है, उन पर चर्चा हुई है, परिवार को हर संभव मदद की जाएगी।