गोरखपुर में बिजली बिल बकाया वसूलने गए संविदा बिजली कर्मचारी की एक महिला ने चप्पलों से पिटाई कर दी। महिला लगातार कर्मचारी को चप्पल मारती रही और वहां मौजूद अन्य लोग तमाशबीन बने रहे।
गोरखपुर के रघुनाथपुर में बिजली बिल जांच के दौरान बाकी रहने के कारण बिजली काटने पर एक महिला ने संविदा लाइनमैन को चप्पल से पीट दिया। साथ में मौजूद जेई व अन्य लोग तमाशा देखते रहे। आसपास के लोग इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए। फिलहाल इस वीडियो की पुष्टि नहीं है।हालांकि उस वीडियो में महिला ने भी आरोप लगाया है। उधर, लाइनमैन द्वारा तहरीर दिए जाने पर बुधवार को गुलरिहा थाना पुलिस मारपीट व सरकारी काम में बांधा डालने का केस दर्ज कर जांच कर रही है।
महराजगंज के सेवई टोला के सुरेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह विद्युत विभाग में संविदा पर तैनात हैं। 23 जनवरी को वह अधिकारियों के साथ मिरचाइन के मधई टोला में राजस्व की वसूली करने गया था। गांव में विद्युत बकाएदारों की जांच कर बिजली काटी जा रही थी।इस दौरान जीवनलाल का भी 59,379 रुपये बिजली बिल बकाया निकला। साथ में मौजूद अधिकारियों के निर्देश पर उनके घर की बिजली काट दी गई। इससे घर पर मौजूद शशिकला नाराज हो गईं और बदतमीजी करते हुए चप्पल से पीटने लगीं। लाइन मैन ने इस घटना में महिला की बेटी को भी आरोपी बनाया है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रसारित वीडियो की भी जांच चल रही है। साक्ष्य व सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।