Gorakhpur News: मंगलवार की शाम गोरखपुर शहर से सटकर बहने वाली राप्ती नदी के पास 3 किशोर मौज-मस्ती करने गए थे। इस दौरान तीनों किशोर नदी में नहाने लगे और गहरे पानी में डूब गए।
गोरखपुर में मंगलवार को राजघाट स्थित राप्ती नदी में नहाने गए 3 किशोरों की डूबने से मौत हो गई। NDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन में देर शाम तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैें। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तुर्कमानपुर क्षेत्र के रहने वाले तीन किशोर निक्कू (15 वर्ष) पुत्र सुनील, सत्ती (15 वर्ष) पुत्र मोहन और इरफान पुत्र फखरुद्दीन राप्ती नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक गहराई में चले जाने से तीनों डूबने लगे और देखते ही देखते नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
एसडीएम सदर दीपक गुप्ता मौके पर पहुंचकर पूरे अभियान की निगरानी करते रहे और एनडीआरएफ टीम को तेजी से सर्च ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए। शुरुआत में एनडीआरएफ टीम ने काफी प्रयास के बाद निक्कू और सत्ती के शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद तीसरे किशोर इरफान की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखा गया। देर शाम टीम को सफलता मिली और इरफान का शव भी बरामद कर लिया गया।
तीनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरा क्षेत्र गमगीन माहौल में डूब गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी के किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नदी और अन्य जलाशयों के पास विशेष सावधानी बरतें, खासकर बच्चों को बिना निगरानी के पानी में न जाने दें। फिलहाल, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।