मुख्यमंत्री के शहर में बदमाशों ने फिर दी पुलिस को चुनौती, कैंट थानाक्षेत्र में लूट का प्रयास
गोरखपुर। यूपी में पुलिस के नए मुखिया के कमान संभालते ही जिले से लेकर थाने तक पुलिस अपना गुडवर्क दिखाने में जुटी है तो अपराधी भी लगातार पुलिसिया इकबाल को चुनौती दे खाकी के पेशानी पर बल ला दे रहे। सबसे बुरा हाल मुख्यमंत्री के जिले का है। अभी पुलिस एक खुलासा कर रही कि दूसरी वारदात हो जा रही। शुक्रवार को सुबह से शाम तक करीब चार मामलों का जगह-जगह खुलासा कर थोड़ी राहत महसूस कर रही गोरखपुर पुलिस को शाम होते होते पुलिस को बदमाशों ने वारदात कर चुनौती दे डाली। प्रस्तावित एम्स के पास बदमाशों ने सरेराह एक सर्राफ पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दहशत फैला दी। संयोग अच्छा था कि सर्राफ साफ बच गए। बदमाशों ने प्रयास विफल होते देख उनकी चेन लूटनी चाही लेकिन वह भी आधा ही ले जाने में सफल रहे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए। बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही ताकि कोई क्लू मिल सके।
कूड़ाघाट क्षेत्र में रहने वाले अर्जुन की सिंघडिया में सर्राफे का काम करते हैं। दुकान बंद कर शुक्रवार की शाम करीब सात बजे वह अपने सहयोगी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। प्रस्तावित एम्स के सामने दो बाइक सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने ओवरटेक कर अर्जुन अग्रहरि को रोकना चाहा। नहीं रुकने पर सरेराह उनकी स्कूटी की चाबी छीनने की कोशिश की। असलहा के बल पर बदमाश स्कूटी की डिग्गी खोलने का दबाव बनाए। इसी बीच सर्राफ की चाबी नीचे गिर गई। वह नीचे चाबी खोजने लगे तो एक बदमाश ने चेन खींची। लेकिन चेन टूट गया और आधा हिस्सा उसके हाथ में आ गया। उधर, अर्जुन का सहयोगी और वह शोर मचाए तो आसपास के लोग दौड़े हुए आए। लोगों को आता देख बदमाश दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड फायरिंग कर असलहा लहराते आराम से भाग निकले। सूचना के बाद कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। कई आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आसपास की दुकानों और घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का सहारा अब पुलिस को कोई क्लू देंगे यही सोच फुटेज इकट्टा किया गया है।