
Yogi Adityanath Mother Death: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में निधन हो गया। मां के जाने से परिवार में दुख का माहौल था, लेकिन इसी बीच योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाने थे। मां को खोने का दर्द दिल में लिए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और छात्रों के बीच पहुंचे। संबोधन खत्म होने के बाद सीएम योगी के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें उनकी मां के निधन की सूचना दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 91 साल की थीं। उत्तराखंड के पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने उनके निधन की पुष्टि की। योगी आदित्यनाथ का परिवार पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में रहता है। इसी गांव में योगी आदित्यनाथ का जन्म भी हुआ था।
इससे पहले साल 2024 में उम्र से जुड़ी परेशानियों के कारण सावित्री देवी की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। साल 2024 को योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 20 मिनट तक मां के साथ समय बिताया था।
मां के निधन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में गोरखपुर मंडल के चार जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट बांटे गए।
कार्यक्रम में गोरखपुर के डीएम दीपक मीणा ने बताया कि साल 2021-22 में योजना की शुरुआत के बाद से अब तक जिले के 1,41,085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।"
सीएम धामी ने आगे कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और योगी आदित्यनाथ सहित उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।