गोरखपुर

भैया दूज पर योगी सरकार की युवाओं और किसान परिवारों को सौगात, गोरखपुर के 54 युवाओं को मिली नौकरी

Gorakhpur news: UPSSSC द्वारा राजस्व विभाग के लिए नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को ₹215 करोड़ की सहायता राशि के वितरण हेतु लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित हुआ। गोरखपुर जिले में 179 किसानों को लाभ मिला।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 12:34 PM IST
Up news, cm yogi news
गोरखपुर में मिला लाभार्थियों को उपहार (सोर्स: अनूप शुक्ला)

Cm yogi adityanath give special gift: भैया दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं और किसान परिवारों को बड़ी सौगात दी। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें गोरखपुर के 54 अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 4300 किसान परिवारों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी गई। इसमें गोरखपुर के 179 किसान परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद मिली। योगी सरकार के इस कार्य से किसानों और युवकों की दीपावली भी जगमगा गई।

गोरखपुर की अंकिता भी शामिल

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में दस चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें गोरखपुर की अंकिता सिंह भी शामिल रहीं। जिले के 54 अभ्यर्थियों में कलेक्ट्रेट के 45 और मंडलायुक्त कार्यालय के नौ कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। नियुक्ति पत्र मिलने से युवाओं में खुशी का माहौल रहा। सरकार की इस पहल से चयनित युवाओं को सरकारी सेवा में काम करने का अवसर मिलेगा।

किसान के परिवार को मिलेगी आर्थिक सुरक्षा

उधर, किसान परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों के खातों में सीधे सहायता राशि भेजी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को पांच लाख रुपये दिए गए। डीबीटी के जरिए भुगतान होने से लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। दुर्घटना में परिवार के मुखिया की मृत्यु या प्रभावित होने की स्थिति में यह धनराशि परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में मददगार होगी।

गोरखपुर में 179 लाभार्थी किसान परिवारों को मिले पांच-पांच लाख रुपये

गोरखपुर में जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में ई-डिस्ट्रिक्ट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा और मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा ने 179 लाभार्थी किसान परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता के चेक प्रदान किए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। भैया दूज पर रोजगार और किसान कल्याण से जुड़ी इन पहलों से जिले के 54 युवाओं को सरकारी नौकरी और 179 किसान परिवारों को आर्थिक संबल मिला।

Updated on:
11 Nov 2026, 12:34 PM IST
Published on: