पारिवारिक खूनी रंजिश के चलते दिनदहाड़े भतीजे ने अपने चाचा और चाची की गोली मार कर हत्या कर दी।
ग्रेटर नोएडा। दादरी इलाके में पारिवारिक खूनी रंजिश के चलते दिनदहाड़े भतीजे ने अपने चाचा और चाची की गोली मार कर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुए इस डबल मर्डर के बाद दहशत का माहौल है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कत्ल के आरोपी भतीजे की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
मामला दादरी के चिठहरा गांव का है जहां वेदराम अपनी पत्नी नत्थो के साथ 3 साल पहले हुए कत्ल के मामले में पंचायत में शामिल होने पहुचे थे। पंचायत हत्या के मामले को लेकर थी। वेदराम के बेटे पर अपने ही चचेरे भाई की हत्या का आरोप था। जिसको लेकर ये पंचायत की गई थी, जहां उसका भतीजा भी मौजूद था। लेकिन परिवारवालों की इस पंचायत में कोई हल नहीं निकला। तब जैसे ही वेदराम अपनी पत्नी के साथ घर जाने के लिए कार में जाकर बैठा। तभी वहां मौजूद सगे भतीजे ने गोलियां दागनी शुरू कर दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बता दें कि इस हत्या कांड की नींव वर्ष 2015 में तब पडी थी जब हेतराम और वेदराम दोनों सगे भाइयो में तीसरे भाई राधेराम की मौत के बाद उसके हिस्से की जमीन के कब्जे को लेकर विवाद शुरु हुआ जो धीरे-धीरे आपसी रंजिश में बदल गया। दरअसल, राधेराम शादीशुदा नहीं था इसलिए दोनों पक्ष उसकी हिस्से की जमीन पर अपना दावा कर रहे थे। इसी विवाद के चलते वेदराम के दो बेटे अनुज और संदीप ने हेतराम के बेटे साहिब सिंह की हत्या कर दी थी। इसके बाद वेदराम दिल्ली में रहने लगा था। अभी भी वेदराम के बेटों पर हत्या का मुकदमा चल रहा है और अनुज जेल में है। इसी सिलसिले में एक पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में हेतराम का दूसरा बेटा विक्रम भी मौजूद था। परिवार वालों की इस पंचायत में कोई हल नहीं निकला। जिसके चलते इस दोहरा हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर भतीजे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज लिया है और शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या का आरोप मृतक वेदराम के भाई हेतराम के बेटे विक्रम पर लगाया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दादरी डीएसपी निशांत कुमार ने बताया कि इस परिवार में हिस्से को लेकर आपसी रंजिश चल रही थी। जिसके चलते यहां एक पंचायत रखी गई। लेकिन उसमें किसी तरह की सुलह नहीं होने पर हेतराम के पुत्र ने अपने चाचा चाची की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।