ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में पुलिस का बड़ा एक्शन! गौकशी आरोपी से मुठभेड़, पैर में गोली लगते ही गिरफ्तार; हथियार और संदिग्ध सामान बरामद

Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा के दनकौर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गौकशी का आरोपी घायल होकर गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने हथियार, चोरी की बाइक और संदिग्ध सामान बरामद किया, तीन साथी फरार हैं।
2 min read
UP Police Encounter
मुठभेड़ में गौकशी के आरोपी को लेते जाती पुलिस। फोटो सोर्स-IANS

Greater Noida Encounter: दनकौर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गौकशी के मामले में वांछित एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से हथियारों के साथ कई संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। वहीं, उसके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को ग्रेटर नोएडा दनकौर थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम सेक्टर-18 पॉकेट-5सी पार्क के पास पहुंची। वहां बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल के पास चार युवक संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान मेहताब पुत्र मेहरबान निवासी दौला रजपुरा, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस मिले

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से अवैध 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस मिले। इसके अलावा चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल, इंजेक्शन, सीरिंज, चापड़, छुरियां, प्लास्टिक की रस्सियां और कट्टे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मेहताब ने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 जुलाई को गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में दनकौर थाने में गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब फरार तीनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी वर्ष 2019 में गौवध निवारण अधिनियम के एक मामले में आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ गौकशी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित गिरोह से संबंधों की जानकारी जुटा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। साथ ही बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच कराई जा रही है, जिससे मामले से जुड़ी और जानकारियां सामने आ सकें।

Updated on:
28 Jul 2026 11:44 am
Published on:
28 Jul 2026 11:44 am