12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ग्रेटर नोएडा में महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर की थी 15 लाख की लूट, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा में विला में 15 लाख रुपये की लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
2 min read
Google source verification
Greater Noida Encounter

प्रतीकात्मक तस्वीर

Greater Noida Villa Robbery: ग्रेटर नोएडा की एक हाई-प्रोफाइल सोसाइटी के विला में महिला को चाकू दिखाकर लाखों रुपये की लूट करने वाले बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। थाना सूरजपुर पुलिस और बदमाशों के बीच तिलपता गोलचक्कर के पास मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने जंगल में कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देख कार लेकर भागे बदमाश

पुलिस के अनुसार, पुलिस तिलपता गोलचक्कर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली नंबर की एक कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। शक होने पर पुलिस ने पीछा शुरू किया। आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद बदमाशों ने अपनी कार रास्ते में छोड़ दी और जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम भी उनके पीछे पहुंच गई।

पुलिस पर दोबारा की फायरिंग

खुद को घिरता देख बदमाशों ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और दोनों घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। दो बदमाशों के पकड़े जाने के बाद पुलिस को शक था कि उनके अन्य साथी जंगल में छिपे हो सकते हैं। इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर कांबिंग अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी जंगल से गिरफ्तार कर लिया।

महिला को चाकू दिखाकर की थी लूट

मामला पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला से जुड़ा है। 4 जुलाई की रात अर्पणा अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। सुबह करीब 3:30 बजे एक बदमाश उनके मास्टर बेडरूम में घुस आया। आरोपी के हाथ में चाकू था। उसने महिला को धमकाया और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की बात कही। इसके बाद वह घर से सोने के जेवर और 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया।

महिला ने देखा था बदमाश का चेहरा

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि वारदात के समय घर में एक ही बदमाश घुसा था और उसने उसका चेहरा देखा था। महिला ने आरोपी को दोबारा सामने आने पर पहचानने की बात भी कही थी। लूटे गए जेवर और नकदी की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में डर का माहौल था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

बड़ी खबरें

View All

ग्रेटर नोएडा

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग