
प्रतीकात्मक तस्वीर
Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन्स-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को संभाला। सभी घायल बच्चों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई गई थी। पुलिस के ताजा अपडेट के अनुसार सभी बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रही महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। जानकारी के अनुसार उन्हें ज्यादा अच्छे से कार चलानी नहीं आती थी। इसी दौरा वह कार चलाना सीख रही थी। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ड्राइविंग करते समय महिला मोबाइल फोन भी देख रही थी। जब वह गाड़ी को सोसायटी के गेट से बाहर निकाल रही थी, तो उस समय उसने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इसके बाद कार पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकराई, जिससे उसकी स्पीड थोड़ी कम हो गई थी। लेकिन उसके बाद भी गाड़ी कंट्रोल में नहीं आई और सीधे उन बच्चों सो जाकर भिड़ गई जो स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे।
हादसे के बाद सोसायटी के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टक्कर के बाद महिला कार लेकर वहां से निकल गई थी। हालांकि पुलिस ने बाद में महिला चालक को हिरासत में ले लिया और कार को भी जब्त कर लिया है। जैसे ही पुलिस को जानकारी मिली थी, पुलिस ने मौके पर पंहुचकर तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी थी।
वहीं, अभिभावकों और सोसायटी के निवासियों का कहना है कि सुबह बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मामले में महिला के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाना चाहए ताकि आगे भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा नहीं हो।
Updated on:
08 Jul 2026 11:20 am
Published on:
08 Jul 2026 11:19 am
