
Greater Noida Society News: आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसायटी में सिक्योरिटी गार्डों से बहस और कथित गाली-गलौज का वीडियो वायरल होने के बाद मामला लगातार चर्चा में है। वीडियो में एक महिला गार्डों से बहस करती और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती नजर आई थी। अब महिला ने पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखा है। उसका कहना है कि उसे अपने व्यवहार पर कोई पछतावा नहीं है और सोसायटी में अकेले रहने की वजह से उसे अक्सर निशाना बनाया जाता है।
महिला ने यह भी दावा किया कि विवाद के पीछे सिर्फ डिलीवरी को लेकर हुई बहस नहीं थी, बल्कि लंबे समय से सोसायटी मैनेजमेंट के साथ उसके मतभेद चल रहे हैं। दूसरी ओर, सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने महिला पर गाली-गलौज, मारपीट और उनका मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया है।
महिला के मुताबिक, घटना 25 अगस्त की रात करीब ढाई बजे की है। उन्होंने ऑनलाइन कुछ सामान मंगाया था। डिलीवरी एजेंट सोसायटी के गेट पर पहुंचा, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड उसे ऊपर जाने की अनुमति नहीं दे रहे थे। महिला का कहना है कि उस वक्त उन्होंने शराब पी रखी थी और इसलिए नीचे जाकर सामान लेने में असहज महसूस कर रही थीं। हालांकि, गार्डों ने डिलीवरी लेने के लिए उन्हें गेट पर आने को कहा। इसके बाद वह नीचे पहुंचीं और वहां विवाद बढ़ गया।
महिला ने दावा किया कि सोसायटी में अकेले रहने की वजह से कुछ लोग उनके साथ अलग तरह का व्यवहार करते हैं। उनका आरोप है कि मैनेजमेंट की ओर से पहले भी उन्हें परेशान किया गया है। उन्होंने बिजली काटे जाने और घरेलू काम करने वाली महिला को घर में आने से रोकने जैसे आरोप भी लगाए। महिला का कहना है कि वह अपने तरीके से जिंदगी जीती हैं और किसी को उनके निजी जीवन में दखल देने का अधिकार नहीं है।
वायरल वीडियो में गार्डों से बहस और आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर महिला ने कहा कि वह उस समय बेहद गुस्से में थीं और शराब भी पी रखी थी। उन्होंने अपने व्यवहार पर अफसोस जताने या माफी मांगने से इनकार किया। उनका कहना है कि वह मानती हैं कि वह गुस्से में थीं, लेकिन उन्हें लगता है कि उनके साथ पहले से गलत व्यवहार किया जा रहा था। महिला ने अपने बारे में बताते हुए कहा कि वह शिक्षित परिवार से आती हैं, लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ी हैं और मॉडलिंग भी कर चुकी हैं। फिलहाल वह इवेंट्स से जुड़ी हैं और अपना कपड़ों का ब्रांड भी चलाती हैं।
दूसरी तरफ, सिक्योरिटी सुपरवाइजर अमित शर्मा ने महिला के आरोपों को अलग नजरिए से बताया। उनके मुताबिक, जब महिला गार्डों से बहस कर रही थीं तो उन्होंने पुलिस को फोन करने की कोशिश की। इसी दौरान महिला ने उन्हें थप्पड़ मारा। अमित का दावा है कि महिला को पीछे हटाने की कोशिश में उनका मोबाइल जमीन पर गिर गया, जिससे उसकी स्क्रीन टूट गई। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने और मोबाइल के नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
सिक्योरिटी सुपरवाइजर का आरोप है कि बहस के दौरान महिला ने गार्डों को गरीब बताकर अपमानित किया और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। अमित ने कहा कि गार्ड भले ही नौकरी करके अपना घर चला रहे हों, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी को उन्हें अपमानित करने का अधिकार मिल जाता है। उन्होंने महिला से सभी गार्डों से माफी मांगने की मांग की है।
सिक्योरिटी एजेंसी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार महिला के खिलाफ BNS की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस पूरे विवाद में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। ऐसे में वायरल वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।